‘नाथूराम गोडसे देशभक्त, हैं और रहेंगे’

भोपाल से बीजेपी उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त करार दिया है। अभिनेता कमल हासन के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, देशभक्त हैं और देशभक्त ही रहेंगे। उनको आतंकवादी कहने वाले लोगों को अपने गिरेबां में झांककर देखना चाहिए। ऐसे लोगों को जनता चुनाव में मुंहतोड़ जवाब देगी।

हालांकि, प्रज्ञा ठाकुर के इस बयान से बीजेपी ने खुद को अलग कर दिया है। पार्टी प्रवक्ता जीवीएलएन नरसिंहा राव ने कहा कि बीजेपी उनके बयान से सहमत नहीं है। उनसे जवाब मांगा गया है। साध्‍वी को अपने इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।

बीते दिनों कमल हासन ने नाथूराम गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी करार दिया था। उनके इस बयान को लेकर काफी बवाल हुआ था। अब साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के ताजे विवादित बयान ने एक बार फिर से विपक्ष को हमला करने का हथियार दे दिया है। इससे पहले भी नाथूराम गोडसे को लेकर विवाद हो चुका है।

नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद गोडसे को फांसी की सजा दे दी गई थी। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर भी मालेगांव बम धमाके में शामिल होने का आरोप है। उनको बीजेपी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।

भोपाल लोकसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और दिग्विजय सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। इस सीट पर कुल 30 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां पर 12 मई को 6वें चरण में वोटिंग हुई थी। अब 23 मई को वोटों की गिनती होगी और फिर चुनाव नतीजे जारी किए जाएंगे।

साध्वी प्रज्ञा सिंह इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में घिर चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने मुंबई हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था, ‘ हेमंत करकरे ने मुझे गलत तरीके से फंसाया था। मैंने उनको बता दिया था कि तुम्हारा पूरा वंश खत्म हो जाएगा, वो अपने कर्मों की वजह से मुंबई हमले के दौरान मर गए।’  हेमंत करकरे मुंबई एटीएस के चीफ थे और मुंबई हमलों के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

Previous articleअलवर गैंगरेप की पीडि़ता से मिले राहुल गांधी, कहा- यह संवेदनाओं का मुद्दा
Next articleआगबबूला ममता बैनर्जी ने कहा, बंगाल नहीं है कंगाल