भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने इतिहास में एक अहम बदलाव किया और नितिन नबीन को कल सोमवार को पार्टी का सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया. महज 45 साल की उम्र में नबीन का विधायक से सीधे देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के संगठनात्मक शीर्ष पद पर पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. हालांकि उनके सामने चुनौतियां भी कम नहीं होंगी. अध्यक्ष के रूप में उनके पहले ही साल में चुनाव में रूप में कई चुनौतियां होंगी. क्योंकि इस साल जिन राज्यों में चुनाव होने हैं उनमें से असम को छोड़कर बीजेपी कहीं भी अब तक सत्ता में नहीं आ सकी है.
राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे में आधिकारिक घोषणा प्रक्रिया आज मंगलवार को राजधानी दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच की जाएगी. पार्टी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत पार्टी से जुड़े कई अन्य वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे.



