कल्याण सिंह के नाम पर होगा लखनऊ का कैंसर संस्थान और बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज

कल्याण सिंह के नाम पर होगा लखनऊ का कैंसर संस्थान और बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को अनोखी श्रद्धांजलि दी है। यूपी सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, बुलंदशहर और सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान, चक गंजरिया, लखनऊ का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर करने का फैसला किया है। बता दें कि बीते 21 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री का निधन हो गया था। वो 89 वर्ष के थे और लंबे समय से पीजीआई लखनऊ में भर्ती थे।

भाजपा के कद्दावर नेता कल्याण सिंह के अंतिम दिनों से लेकर अंतिम सफर तक में सरकार और संगठन के प्रमुख लोग साये की तरह साथ रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के नेतृत्व में सरकार व संगठन ने उनकी देखभाल और सम्मान में कोई कसर बाकी नहीं रखी।

प्रदेश ही नहीं देश की राजनीति में कल्याण के कद का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल समय-समय पर उनके परिजनों को फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे बल्कि निधन की खबर मिलते ही अगले दिन तमाम कार्यक्रम छोड़कर श्रद्धांजलि देने लखनऊ पहुंच गए।

Previous articleक्या तालिबान के कब्जे के बाद सीमा पार से बढ़ा खतरा? जानें विदेश मंत्री का जवाब
Next articleबेटे की गिरफ्तारी से नाराज मुनव्वर, कहा- मुसलमान टारगेट किये जा रहे