मोदी के लिए फांसी का फंदा साबित होगा राफेल, पीएम व अंबानी पर चलाएंगे केस : कांग्रेस

कांग्रेस

नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने राफेल मामले को केंद्र की भाजपा सरकार के लिए फांसी का फंदा करार देते हुए दावा किया है कि यह ‘घोटाला’ एक ऐसा दलदल बन गया है, जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी बाहर नहीं निकल सकते। चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें इस मामले में उद्योगपति अनिल अंबानी के साथ मुख्य आरोपी बनाया जाएगा।

सिंघवी ने यह भी कहा कि सरकार बनते ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होगी, जांच कराई जाएगी, आरोप पत्र दायर होगा और मुकदमा चलाया जाएगा। गौरतलब है कि राफेल मामले में कांग्रेस की तरफ से लगाए गए आरोपों को सरकार और अंबानी के समूह ने कई बार खारिज किया है। सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस राजद्रोह के कानून को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि इसके दुरुपयोग को देखते हुए इसके खिलाफ देश में जबरदस्त आक्रोश है।

हैदराबाद में भारी बारिश ने मचाई तबाही, एक की गई जान, 10 घायल

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रवाद एक गौरवशाली शब्द है, लेकिन इन लोगों ने इस शब्द को इस तरह विकृत कर दिया है। वे हर विरोध को राष्ट्रद्रोह करार देते हैं, अपना मत रखना भी राष्ट्रद्रोह है। हमने अपने घोषणापत्र में लिखा है और इसको खत्म करने को लेकर कटिबद्ध हैं।

उन्होंने दावा किया कि आज इस देश में इसके (राजद्रोह के) विरूद्ध जबरदस्त आक्रोश है। इसलिए भाजपा को इस पर बहुत बड़ा अचंभा होगा। सिंघवी ने राफेल मामले से जुड़े सवाल पर कहा कि राफेल इस सरकार के लिए फांसी का फंदा हो गया है। ये लोग एक दिन कुछ कहते हैं फिर और फंस जाते हैं।

राफेल एक ऐसा दलदल है, मोदी जी चाहे जितनी कोशिश कर लें, कभी बाहर नहीं निकल पाएंगे। उन्होंने राफेल सौदे के बदले में फ्रांस में उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी को कर माफी दिए जाने का दावा करते हुए कहा कि राहुल गांधी कई बार कह चुके हैं कि सरकार बनने पर राफेल मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

Previous articleहैदराबाद में भारी बारिश ने मचाई तबाही, एक की गई जान, 10 घायल
Next articleएनआईए की बड़ी कार्रवाई, हैदराबाद में चार संदिग्ध हिरासत में, मिले कई अहम सुराग