चीन सुरक्षा चिंताओं के चलते छिपे हुए कार डोर हैंडल (Flush Door Handles) पर बैन लगाने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है. यह फैसला कई जानलेवा हादसों के बाद लिया गया है, जिनमें लोग अपनी कारों के अंदर फंस गए थे. 1 जनवरी 2027 से चीन में कार बेचने वाली सभी कंपनियों को अपनी कारों के दरवाजों में अंदर और बाहर दोनों तरफ मैकेनिकल हैंडल देना जरूरी होगा. आइए जातने हैं फ्लश डोर हैंडल क्या हैं और क्यों ये जानलेवा साबित हो रहे हैं?
दरअसल, फ्लश डोर हैंडल, नॉर्मल खींचने या उठाने वाले हैंडल से अलग होते हैं. ये कार की बॉडी के साथ पूरी तरह फिट रहते हैं और कई बार लगभग दिखाई ही नहीं देते. हालांकि इनसे थोड़ी एयरोडायनामिक मदद मिलती है, लेकिन कंपनियां इन्हें ज्यादातर सुंदर दिखने के लिए इस्तेमाल करती हैं. फ्लश डोर हैंडल कार की बॉडी के साथ पूरी तरह फिट रहते हैं, जिससे गाड़ी ज्यादा स्टाइलिश, मॉडर्न और प्रीमियम दिखती है.ये बाहर की ओर निकले नहीं होते, इसलिए हवा का रुकावट कम होती है. इससे ड्रैग कम होता है और गाड़ी की एफिशिएंसी थोड़ी बेहतर हो सकती है.


