केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दे दिया है। उन्होंने कहा कि वो और उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) बिहार की सभी 243 सीटों पर एनडीए गठबंधन को मजबूत करने के लिए जोर-शोर से लड़ेंगे। चिराग ने साफ कहा, ‘मैं खुद चिराग पासवान बनकर हर सीट पर NDA की जीत के लिए लड़ूंगा।’ उनका मकसद है कि एनडीए बिहार में बंपर जीत हासिल करे।
जंगलराज पर चिराग का निशाना
भोजपुर में एक जनसभा में चिराग ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘जंगलराज की बात तो हम करते हैं, लेकिन इसके लिए सिर्फ RJD ही नहीं, कांग्रेस भी उतनी ही जिम्मेदार है।’ चिराग ने NDA सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि ये हमारी सरकार है, जिसने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया।
बिहार में चुनाव कब होंगे?
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में होने वाले हैं। इनके अक्टूबर या नवंबर में होने की संभावना है, लेकिन अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ। चुनाव आयोग को दीवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों का ध्यान रखना होगा। बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को खत्म हो रहा है, इसलिए उससे पहले चुनाव कराने जरूरी हैं।
चिराग और उनकी पार्टी का रोल क्या?
चिराग पासवान और उनकी पार्टी LJP (रामविलास) बिहार चुनाव में बड़ी भूमिका निभाने वाली है। चिराग बार-बार कहते आए हैं कि उनकी सियासत का केंद्र बिहार है और उनका नारा है ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’। वो दिल्ली की राजनीति छोड़कर बिहार में सक्रिय होना चाहते हैं। चिराग ने पहले भी कहा था कि दिल्ली में बैठकर उनका बिहार का सपना पूरा नहीं हो सकता।
चिराग की पार्टी एनडीए का हिस्सा है, जिसमें बीजेपी, जेडीयू, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। चिराग का मुख्य वोट बैंक पासवान (दुसाध) समुदाय है, जो बिहार की 5.31% आबादी बनाता है। ये यादवों के बाद दूसरी सबसे बड़ी जाति है। लेकिन चिराग सिर्फ दलितों तक सीमित नहीं रहना चाहते। उनकी कोशिश है कि हर वर्ग के लोग उनके साथ जुड़ें।