परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ सकी कांग्रेस, यही हाल ममता, मुलायम और लालू का: पांडेय

महेन्द्र नाथ पांडेय

आजमगढ़: लालगंज संसदीय क्षेत्र के अम्बारी स्थित जनता इंटर काॅलेज के मैदान में गुरुवार को आयोजित भारतीय जनता पार्टी के युवा सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय ने विपक्ष पर जमकर हमला बोलते हुए युवाओं को नरेन्द्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया। महेन्द्र नाथ पांडेय ने कहा कि इस चुनाव में एक तरफ नरेन्द्र मोदी है तो दूसरी तरफ पूरा विपक्ष उनको रोकने के लिए जोर लगा रहा है।

उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ सकी है। यही हाल मुलायम, ममता और अन्य विपक्षी नेताओं का भी है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के मनमोहन सिंह के दस साल बनाम मोदी के पांच, योगी के दो सालों में हुए विकास कार्यों की तुलना कर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा बहुजन समाज पार्टी की राष्टीय अध्यक्ष गठबंधन में 38 सीटों में से महज दो सीटों पर दलितों को टिकट दिया और अन्य 36 सीटों को उद्योगपतियों को टिकट दिया है।

उन्होंने कहा कि आज मायावती और अखिलेश यादव की सम्पत्ति तेजी से बढ़ रही है। मायावती दलितों के टिकट बेच रही हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर भी आरोप लगाया कि 2012 से 2017 के बीच मुख्यमंत्री रहते उनके पास इतना रुपया कहां से आया कि आज वे लखनऊ में 300 करोड़ का आलीशान होटल बनवा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों का केवल एक ही मकसद है कि कैसे सत्ता पाकर जनता को लूट कर अपना खजाना भरा जाय। इसके साथ ही उन्होंने केन्द्र और प्रदेश सरकार के कार्यों को गिनाते हुए देश में दोबारा नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प युवाओं को दिलाया।

Previous articleयूपी में चरण की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न, 96 उम्मीदवारों के भाग्य ईवीएम में कैद
Next articleकुछ नए अवतार में नज़र आई मारुति की ये दमदार मिनी हैचबैक कार, जानिए कीमत