जब प्रियंका गांधी ने उठाया सांप, डर गए सुरक्षा में लगे कमांडो

प्रियंका गांधी

रायबरेली में अपनी मां और पूर्व कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी का प्रचार करने पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को एक सांप उठा लिया। यह देखते ही उनके सुरक्षा में लगे कमांडो के हाथ-पांव फूल गए। एक कमांडो ने कहा कि आप सांप को मत उठाइए, लेकिन प्रियंका नहीं मानीं। उन्होंने कहा कि कुछ नहीं करेगा और फिर एक झटके में सांप को उठा लिया।

असल में प्रियंका यहां जनता से मुलाकात कर रही थीं, तभी कुछ सपेरे उनके पास आए। सपेरों के पास सांप भी थे। प्रियंका उनसे बात करने लगीं। उन्होंने पूछा कि यहां की आबादी कितनी है। समस्याओं के बारे में भी बताने को कहा। इतने में एक सपेरे की टोकरी खुली देख प्रियंका गांधी ने उसमें से सांप निकाल लिया। यह देखते ही उनके सुरक्षा में लगे सकपका गए।

इससे पहले प्रियंका ने सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया भी दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और बीजेपी एक-दूसरे के लिए काम करती हैं। दोनों एक ही पार्टियां हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी की विचारधारा में जमीन-आसमान का अंतर है। हमने हमेशा उनके खिलाफ लड़ाई लड़ी है। वे राजनीति में हमारे मुख्‍य विरोधी हैं। प्रियंका ने कहा कि हम चाहते हैं कि यूपी में बीजेपी की हार हो और इसके लिए हम मजबूती के साथ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्याशी बेहद मजबूत स्थिति में हैं।

इससे पहले प्रियंका गांधी ने कहा था यूपी में बीजेपी के वोट काटने के लिए कई सीटों पर कांग्रेस ने कमजोर प्रत्याशी उतारे हैं।