वायनाड में प्रियंका की हुंकार, जनता के जवाब से होगी राहुल गांधी की जीत

प्रियंका गांधी

केरल के वायनाड में आयोजित रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पांच साल पहले जो सरकार सत्ता में आई थी, उसे जनता ने प्रचंड बहुमत दिया था। जनता ने बीजेपी की सरकार पर पूरा भरोसा जताया और सही फैसले करने की ताकत दी थी। लेकिन उन्होंने आपके साथ विश्‍वासघात किया।

प्रियंका गांधी का बीजेपी पर हमला

उन्होंने कहा कि यह आपके सामने 56 इंच का सीना लेकर आते हैं, क्योंकि ये दुर्बल हैं। यह सरकार दुर्बल है। प्रधानमंत्री दुर्बल है। मौजूदा सरकार यह सोचती है कि उसी का राज है।  वो यह भूल गए हैं कि जनता की सेवा करना उनका धर्म है। उन्होंने कहा कि इंदिरा जी की राजनीति, सत्य पर आधारित थी और बीजेपी की राजनीति झूठ पर टिकी हुई है।

प्रियंका ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें लगने लगा कि यह उनकी शक्ति है, जनता की नहीं। उन्होंने जनता के बैंक खाते में 15-15 लाख रुपए डालने का वादा किया था, जिसे चुनाव जीतते ही भुला दिया गया। इसीलिए उन्हें जुमला पार्टी कहा जाने लगा।

प्रियंका ने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी के पक्ष में कहा कि मैं यहां उस शख्‍स के लिए खड़ी हूं, जिसे मैंने पैदा होने के बाद से आज तक देखा है। राहुल इस लोकसभा चुनाव में आपके प्रत्याशी हैं। उन पर बीते 10 साल में बहुत से व्यक्तिगत हमले किए गए हैं। उन लोगों ने राहुल के चरित्र को गलत ढंग से पेश करने की कोशिश की है। इसका जवाब आपको देना है। इस चुनाव में आपके जवाब से राहुल गांधी की जीत होगी।

Previous articleअररिया में पीएम मोदी का आह्वान- एक तरफ वोटभक्ति, दूसरी तरफ राजभक्ति, चुनना आपको है
Next articleइलाहाबाद से सपा प्रत्याशी घोषित, राजेंद्र देंगे रीता बहुगुणा को टक्‍कर