प्रियंका गांधी वाड्रा ने क्यों नहीं लड़ा इस बार लोकसभा का चुनाव?, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताई वजह

प्रियंका गांधी वाड्रा ने क्यों नहीं लड़ा इस बार लोकसभा का चुनाव?, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताई वजह

नई दिल्ली। चर्चा थी कि प्रियंका गांधी वाड्रा इस बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। कयास लग रहे थे कि राहुल गांधी वायनाड के अलावा अमेठी से और प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस रायबरेली सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ाएगी। राहुल गांधी अमेठी तो नहीं गए, लेकिन रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि, प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहीं से भी नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में अब ये चर्चा हो रही है कि कांग्रेस ने प्रियंका गांधी वाड्रा को आखिर लोकसभा चुनाव क्यों नहीं लड़वाया? इसी सवाल का जवाब अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिया है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा इस बार लोकसभा चुनाव आखिर क्यों नहीं लड़ीं। मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि लोकसभा चुनाव न लड़ने का फैसला प्रियंका गांधी वाड्रा ने खुद लिया। उनके अलावा सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी इसके पक्ष में थे। खरगे ने कहा कि सोनिया गांधी 30 साल से राजनीति में हैं और बेहतर जानती हैं कि किसे और कहां से चुनाव लड़ना चाहिए।

खरगे ने ये भी बताया कि प्रियंका गांधी स्टार प्रचारक हैं और उनकी काफी मांग है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को अगर एक जगह लगा देते, तो दूसरी जगह क्या होता। उनको सभी की मदद करनी है। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वो लोकसभा चुनाव न लड़ने के प्रियंका गांधी के फैसले का स्वागत करते हैं।

कांग्रेस के कई और वरिष्ठ नेता भी इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। इस पर खरगे से सवाल पूछा गया। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इन नेताओं में कई विधानसभा चुनाव लड़ चुके थे। साथ ही वे रणनीति के तहत किसी और को मौका देना चाहते थे। उन्होंने कहा कि हमारे लिए रणनीति बनाने वाले भी खास हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी से चुनाव लड़ने के लिए नहीं कह सकते। मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि हमारी इच्छा थी कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूरे देश में पार्टी का प्रचार करें। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वालों को हम मजबूत कर रहे हैं।