नाराज होकर प्रियंका ने छोड़ा कांग्रेस का साथ, भेजा इस्तीफा

प्रियंका चतुर्वेदी

कांग्रेस की राष्‍ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने आखिरकार पार्टी का हाथ छोड़ दिया है। प्रियंका चुतर्वेदी काफी दिनों से नाराज चल रही थीं। बीते 17 अप्रैल को उन्होंने अपनी नाराजगी ट्विटर पर जाहिर भी की थी। अब कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद प्रियंका ने ट्विटर हैंडल का बायो में बदल दिया है। उन्होंने अपने बायो से ‘कांग्रेस की राष्‍ट्रीय प्रवक्ता’ की डिटेल हटा दी है। साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी को इस्तीफा भेजा है। साथ ही अपने समर्थकों को धन्यवाद अदा किया है।

बीते दिनों प्रियंका जब मथुरा में थीं, तो एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनसे बदतमीजी की थी। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं पर एक्शन लेते हुए पार्टी से निकाल दिया था। लेकिन जब कार्यकर्ताओं ने माफी मांगी, तो उन्हें वापस बुला लिया गया। प्रियंका इसी बात से नाराज थीं।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा था, ‘यह दुखद है कि कांग्रेस में गुंडों को तवज्जो दी जा रही है, जबकि जो लोग पार्टी के लिए खून-पसीना बहा रहे हैं, उन्हें अनदेखा किया जा रहा है। जिन लोगों ने मुझे धमकी दी, पार्टी ने उन्हें वापस बुलाया लिया।’ इसके साथ ही उन्होंने यूपी कांग्रेस का वह पत्र भी शेयर किया, जिसमें आरोपी कार्यकर्ताओं को माफ करके पार्टी में दोबारा बुला लिया गया था।

बता दें कि प्रियंका चतुर्वेदी कांग्रेस का बड़ा महिला चेहरा रही हैं। पार्टी की ओर से उन्होंने हमेशा बीजेपी पर जोरदार हमला किया है। हाल में जब केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की डिग्री की बात सामने आई, तो भी उन्होंने बीजेपी और स्मृति पर जोरदार वार किए थे।

Previous articleभरी सभा में कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल को मंच पर जड़ा थप्पड़
Next articleखुशखबरी: दिल्ली में पहली बार सौर ऊर्जा से दौड़ी मेट्रो