दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत और बदलाव की खबर है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने हाईवे पर प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था के नियमों और शुल्क में संशोधन लागू कर दिया है. इसका मकसद हाईवे पर अव्यस्थ पार्किंग, जाम और दुर्घटनाओं को रोकना है, साथ ही यात्रियों और परिवहन एजेंसियों को बेहतर सुविधा देना भी है. NHAI के अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया की इस नई व्यवस्था से खासतौर पर गांधी नगर मार्केट,गीता कॉलोनी, पूर्व जिला अधिकारी कार्यालय और फ्लाईओवर के नीचे व किनारे खड़े होने वाले ट्रकों की वजह से होने वाली यातायात समस्या में कमी आएगी.
एनएचएआई की सहयोगी कंपनी नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड ने दिल्लीदेहरादून हाईवे के एलिवेटेड हिस्सों,फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड और चयनित खाली स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव रखा है. इन जगहों पर करीब एक हजार से अधिक वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित करने के लिए एजेंसियों से आवेदन मांगे गए हैं.नई व्यवस्था के तहत अब सिर्फ कार या दोपहिया ही नहीं बल्कि बस और ट्रक भी तय पार्किंग स्थलों पर खड़े किए जा सकेंगे. इसके लिए घंटेवार शुल्क की जगह मासिक पास प्रणाली लागू की गई है जिससे रोजाना हाईवे का इस्तेमाल करने वाले चालकों को राहत मिलेगी. NHAI अधिकारियों का कहना है कि पिछले वर्ष यह योजना पूरी तरह लागू नहीं हो सकी थी, क्योंकि शुल्क और शर्तें काफी सख्त थीं. इस बार नियमों में संशोधन कर एजेंसियों को आकर्षित करने और संचालन को आसान बनाने पर जोर दिया गया है.



