देश की राजधानी दिल्ली में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है. दिल्ली पुलिस का दावा है कि जून 2025 से फरवरी 2026 तक राजधानी में कुल 1,589 अवैध बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया. इसके बाद इन सभी को अगरतला-बांग्लादेश सीमा के रास्ते वापस बांग्लादेश भेज दिया गया. यह पिछले सात महीनों (नवंबर 2024 से मई 2025) में पकड़े गए 720 लोगों की तुलना में दोगुना से अधिक है.
बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ ये अभियान नवंबर 2024 में केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) के निर्देशों के बाद शुरू हुआ था. गृह मंत्रालय ने अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों और रोहिंग्या शरणार्थियों की पहचान, पुष्टि और हिरासत में लेने के आदेश दिए थे. इसी क्रम में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी. दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 15 नवंबर 2024 से 20 अप्रैल 2025 के बीच लगभग 220 अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को हिरासत में लिया गया और उन्हें फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) को सौंपा गया. इसके बाद रेल और सड़क मार्ग से पूर्वी राज्यों तक पहुंचाया गया और बॉर्डर के रास्ते बांग्लादेश भेज दिया गया.


