दिल्ली नगर निगम उपचुनाव: चांदनी महल सीट पर AIFB के मोहम्मद इमरान की बड़ी जीत

दिल्ली नगर निगम उपचुनाव: चांदनी महल सीट पर AIFB के मोहम्मद इमरान की बड़ी जीत

दिल्ली नगर निगम की 12 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को सामने आ चुके हैं. इस चुनाव में बीजेपी को 2 सीटों का नुकसान तो वहीं कांग्रेस को 1 सीट का फायदा हुआ है. हालांकि इन सब से ज्यादा चर्चा चांदनी महल सीट की हो रही है. ऐसा इसलिए क्योंकि इस सीट को आम आदमी पार्टी का गढ़ माना जाता है. हालांकि यहां उसे करारी हारी का सामना करना पड़ा है. इस सीट से सुभाष चंद्र बोस की बनाई पार्टी इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB)के मोहम्मद इमरान ने जीत दर्ज की है.

चांदनी महल सीट के शुरुआती रुझानों से साफ हो गया था कि इस सीट पर इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB)के मोहम्मद इमरान चुनाव जीतने वाले हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि उनकी लीड लगातार बढ़ती जा रही थी. अंत में मुकाबला एकतरफा हो गया. अंतिम परिणाम में 4692 वोटों का अंतर दर्ज हुआ, जो कि किसी निर्दलीय उम्मीदवार के लिए बेहद बड़ी जीत मानी जा रही है.

चांदनी महल सीट पर 12 सीटों के मुकाबले सबसे ज्यादा मतदान हुआ था. इसके नतीजे भी चौंकाने वाले रहे हैं. BJP ने 7 वार्ड और AAP ने 3 वार्ड जीते हैं. इसके अलावा कांग्रेस ने भी 1 सीट पर कब्जा जमा लिया है.

कौन हैं मोहम्मद इमरान?

मोहम्मद इमरान, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) के उम्मीदवार थे. इस पार्टी को भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 1939 में शुरू किया था. मोहम्मद इमरान दिल्ली के रहने वाले ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के नेता हैं. 44 साल के नेता के चार बच्चे हैं, दो बेटे और दो बेटियां और उनके खिलाफ दो केस चल रहे हैं. इस बात की जानकारी उन्होंने अपने एफिडेविट में दी है.

एफिडेविट में आगे बताया गया है कि उनके पास कुल 3,04,768 रुपये की चल संपत्ति है और उनकी पत्नी के पास 4,35,000 रुपये हैं. उनकी दो बेटियों के पास 2,55,000 रुपये और 1,72,500 रुपये की चल संपत्ति है. एफिडेविट में बताया गया है कि परिवार के पास एक रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी है, जिसकी मार्केट वैल्यू 34,10,000 रुपये है.

साल 1939 में हुई थी पार्टी की स्थापना

ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक एक वामपंथी राजनीतिक दल है, जिसकी स्थापना नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 1939 में की थी. यह पार्टी आज भी मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और कुछ अन्य राज्यों में सक्रिय है. दिल्ली नगर निगम चुनाव में मिली जीत के बाद एक बार फिर पार्टी चर्चा में आ गई है.