उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है. दिल्ली एनसीआर में बर्फीली हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है. शीतलहर का दौर जारी है. मौसम को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार 8 जनवरी के लिए दिल्ली में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है. दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आज सुबह इस सीजन का सबसे सर्द दिन है.
अभी तक 5 डिग्री के नीचे तापमान दिल्ली में दर्ज नहीं किया गया था. मौसम विभाग के अनुसार अभी शीतलहर का दौर जारी रहेगा और एक सप्ताह तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी. दिल्ली के सफदरजंग में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं लोधी रोड पर 6.1 डिग्री सेल्सियस और रिज व आया नगर में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.हालांकि अभी भी दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार बना हुआ है.



