दिल्ली-एनसीआर में हर दिन ठंड बढ़ती जा रही है. लोगों को प्रदूषण की मार भी झेलनी पड़ रही है. आज दिल्ली-NCR का मौसम शुष्क और हल्का कुहासे वाला रहेगा. हालांकि, प्रदूषण से राहत मिलती आज भी नहीं दिख रही है. वायु-गुणवत्ता गंभीर बनी रहेगी. आईएमडी ने आज मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान जताया है. साथ ही अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
बात करें राजधानी दिल्ली के मौसम की तो आज दिन भर हल्का कुहासा, धूप और रात व सुबह कोहरे की संभावना है. वहीं, एनसीआर में सुबह-सुबह हल्का कुहासा, दिन में हल्की धूप रहने की संभावना है. गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में दिल्ली की तरह ठंडी सुबह और हल्की हवा चलने की उम्मीद है. इससे पहले गुरुवार को दिल्ली का एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब रहा. औसत एक्यूआई 391 दर्ज किया गया. 15 से ज्यादा निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 400 से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया.
अगले 6 दिन ऐसा रह सकता है AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) का कहना है कि इससे पहले बुधवार को औसत एक्यूआई 392, मंगलवार को 374 और सोमवार को 351 था. आने वाले दिनों में दिल्ली का एक्यूआई और भी खराब होकर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने की संभावना है. ये अगले छह दिनों तक ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में बना रहने की आशंका है.
सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, गुरुवार को 38 चालू केंद्रों में से 18 में एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया. इनमें चांदनी चौक, आनंद विहार, डीटीयू, बवाना, मुंडका, नरेला और वजीरपुर स्टेशन शामिल हैं. यहां एक्यूआई 400 से अधिक रहा. बात करें तापमान की तो न्यूनतम 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो कि सामान्य से 0.9 डिग्री कम है. अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है.
राजस्थान के कई हिस्सों में सर्दी बढ़ी
राजस्थान के कई हिस्सों सर्दी बढ़ गई है. शेखावाटी इलाके में न्यूनतम तापमान करीब छह डिग्री दर्ज किया गया.मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा. यह अब भी सामान्य तापमान से 3-4 डिग्री सेल्सियस कम है.राज्य के अधिकांश हिस्सों में आगामी 10 दिन के दौरान मौसम शुष्क रहने और तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है.



