आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद संजय सिंह ने दिल्ली में चल रही प्रीपेड टैक्सी योजना से जुड़े 112 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने पर सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने पिछले 40 सालों से कड़ी मेहनत कर प्रीपेड टैक्सी योजना को सफल और लाभकारी बनाया था. अब अचानक इन्हें बाहर कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि इस उम्र में ये लोग कहां नौकरी करने जाएंगे. अच्छा हो कि इन कर्मचारियों को वापस नौकरी पर लिया जाए और अपनी नई स्कीम में इन्हें समायोजित किया जाए.
पत्रकारों से बात करते हुए आप सांसद ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने करीब 40 साल पहले 1986 में प्रीपेड टैक्सी का कांसेप्ट निकाला था. इसके पीछे मंशा यह थी कि यात्रियों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया जा सके. उस पर पुलिस की निगरानी का एक सिस्टम था और जो यात्री प्रीपेड टैक्सी के माध्यम से जाते थे, उनके लिए प्रीपेड टैक्सी बूथ होते थे.




