Dhurandhar 2 Promotion: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ ने जब सिनेमाघरों में दस्तक दी थी, तो दर्शकों से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर जगह इसकी चर्चा हुई थी. दमदार कहानी, शानदार अभिनय और आदित्य धर के निर्देशन ने इस फिल्म को बड़ी सफलता दिलाई. ऐसे में जब इसके सीक्वल ‘धुरंधर 2’ का एलान हुआ, तो लोगों की उम्मीदें अपने-आप बहुत बढ़ गईं. फैंस बेसब्री से फिल्म के टीजर, ट्रेलर और नए अपडेट्स का इंतजार करने लगे. हालांकि, बीते कुछ समय से सोशल मीडिया पर यह सवाल उठने लगा कि ‘धुरंधर 2’ का प्रमोशन इतना कम क्यों है?
19 मार्च 2026 को ‘धुरंधर-द रिवेंज’ रिलीज होने वाला है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि न तो फिल्म के ज्यादा टीजर सामने आए और न ही लगातार पोस्टर या वीडियो देखने को मिले. इसी बात को लेकर फिल्म के प्रमोशन पर चर्चा तेज हो गई. कुछ लोगों का मानना था कि इतनी बड़ी फिल्म के लिए प्रमोशन और जोरदार होना चाहिए. अब इस सवाल पर फिल्म के मार्केटर ने खुलकर जवाब दिया है. उनका कहना है कि यह सब किसी कमी की वजह से नहीं, बल्कि एक सोच-समझकर बनाई गई रणनीति का हिस्सा है.



