Dhurandhar Guinness Book of World Record: साल 2025 में आई बॉलीवुड फिल्म धुरंधर ने पहले तो थिएटर्स में धमाल मचाया और अब ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है. इसके अलावा फिल्म ने एक खास मामले में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. ये रिकॉर्ड फिल्म के गाने FA9LA से जुड़ा हुआ है जिसमें अक्षय खन्ना ने डांस किया था और उनका ये डांस खूब वायरल भी हुआ था. खास बात तो ये थी कि ये गाना हिंदी में नहीं था लेकिन इसके बाद भी इसे खूब पसंद किया गया और इस गाने पर किया गया अक्षय खन्ना का डांस स्टेप दुनियाभर में खूब वायरल हुआ. अब इसने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज करा लिया है.
बहरीन के रैपर फ्लिपराची ने 2024 के उनके गाने FA9LA का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करने के मौके पर खुशी जाहिर की है साथ ही वे इसकी इतनी सक्सेस से सर्प्राइज भी हैं. गाने को धुरंधर फिल्म में रहमान डकैत के किरदार के लिए इस्तेमाल किया गया और इसके बाद से ही इसकी पॉपुलैरिटी काफी बढ़ गई. फ्लिपराची ने सोशल मीडिया के जरिए वीडियो जारी कर इस खास मौके पर खुशी जाहिर की है.



