दूरदर्शन ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, खुशी से झूमे दर्शकों ने ‘रामायण’ के बाद उठाई ‘कृष्णा’ की मांग

नई दिल्ली, एंटरटेन्मेन्ट डेस्क। लॉकडाउन के समय में जहां लगभग सभी चैनलों की हालत खस्ता है, वहीं दूरदर्शन तरक्की के रास्ते पर है और रिकॉर्ड बना रहा है। दूरदर्शन बाकी सभी चैनलों को पछाड़ते हुए लगातार दूसरे हफ्ते में नंबर वन गया है। इसकी वजह है ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ के अलावा 80 और 90 के क्लासिक सीरियलों का दोबारा प्रसारण।

लॉकडाउन में जनता की डिमांड पर दूरदर्शन पर ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ का फिर से प्रसारण किया जा रहा है। दोनों सीरियलों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। रामानंद सागर की ‘रामायण’ ने तो पिछले दिनों टीआरपी का नया रिकॉर्ड ही बना दिया था। इसे मात्र 4 एपिसोड में ही 170 मिलियन दर्शक मिले। वहीं अब दूरदर्शन ने फिर से रिकॉर्ड बनाया है।

प्रसार भारती ने ट्वीट के जरिए जानकारी दी कि दूरदर्शन ने एक बार फिर टीआरपी की रेस में बाजी मारी है। प्रसार भारती ने आंकड़ों की एक फोटो शेयर की, जिसमें लिखा है कि 13वें हफ्ते में दूरदर्शन को 1.5 बिलियन यानि डेढ़ अरब दर्शकों की व्यूअरश‍िप मिली जबकि 14वें हफ्ते में 1.9 बिलियन यानि एक अरब नब्बे करोड़ व्यूअरश‍िप मिली है।

इस खबर के बाद दर्शक झूम उठे और प्रसार भारती के ट्वीट पर अपनी खुशी जाहिर की। साथ ही बहुत से दर्शकों ने रामानंद सागर के दो अन्य हिट शोज ‘कृष्णा’ और ‘अलिफ लैला’ को फिर से टेलिकास्ट करने की मांग की।

बता दें कि लॉकडाउन में ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ के अलावा ‘शक्तिमान’, ‘चाणक्य’, ‘ब्योमकेश बक्शी’ जैसे कई शोज फिर से टेलिकास्ट किए जा रहे हैं। अन्य चैनलों पर भी बहुत से पुराने शोज को दोबारा दिखाया जा रहा है। कलर्स चैनल पर ‘बालिका वधू’ की वापसी हो चुकी है, तो वहीं ‘खिचड़ी’ और ‘ऑफिस ऑफिस’ जैसे पॉप्युलर शोज भी फिर से प्रसारित किए जा रहे हैं।