बिहार में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.3 मापी गई तीव्रता

बिहार में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.3 मापी गई तीव्रता

बिहार के अररिया जिले में बुधवार तड़के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप के झटके सुबह करीब 5 बजकर 35 मिनट पर महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई है। भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर थी। भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। इस दौरान लोगों में दहशत का माहौल रहा। कई इलाकों में तो लोग घरों को छोड़कर बाहर निकल आए। खासतौर पर कई मंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों में दहशत ज्यादा रही।

बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए है। बुधवार तड़के पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में इतनी ही तीव्रता का एक और भूकंप आया। बंगाल के सिलीगुड़ी से 140 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में आए भूकंप के झटकों की सूचना सबसे पहले नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने दी थी। NCS ने कहा कि भूकंप बुधवार को सुबह 5:35 बजे आया।

इससे पहले पश्चिमी नेपाल में मंगलवार सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर 4.1 तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय भूकंपीय केंद्र, काठमांडू के अनुसार, इस घटना में किसी तरह के नुकसान या किसी के हताहत होने की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं थी।