जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों और दहशतगर्दों के बीच एनकाउंटर, जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकी मार गिराया गया

जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों और दहशतगर्दों के बीच एनकाउंटर, जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकी मार गिराया गया

आतंकवाद की जटिल समस्या झेल रहे कश्मीर घाटी में आज सुरक्षा बल के जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जम्मू कश्मीर के शोपियां जनपद में सुरक्षा बल के जवानों ने एक हाईब्रिड आतंकवादी को ढेर कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, शोपियां जिले में आतंकवादियों के छिपे होने के इनपुट पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई। जिसमें भारतीय जवानों ने जैश-ए-मोहम्मद के एक हाईब्रिड आतंकी को ढेर कर दिया है।

ढेर हुए आतंकवादी की शिनास्त कामरान भाई उर्फ हनीस के तौर पर हुई है। हनीस जैश-ए-मोहम्मद का हाईब्रिड आतंकी था। वह पिछले कुछ दिनों से कुलगाम और शोपियां जिले में बेहद सक्रिय था। उसकी मौत से जवानों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। कश्मीर के ADGP ने हनीस की मृत्यु की पुष्टि की है। उनके हवाले से एक समाचार एजेंसी ने बताया कि शोपियां जिले  में उसे एक मुठभेड़ में मार गिराया गया।

गौरतलब है कि इससे पूर्व एक नवंबर को पुलवामा और अनंतनाग जनपद में दो अलग-अलग एनकाउंटर की घटनाएं सामने आईं थीं। इन दोनों स्थानों पर हुई मुठभेड़ में भारतीय जवानों ने चार आतंकवादियों को ढेर किया था। इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर की पुलिस भी शामिल थी।