इथियोपिया प्लेन क्रैश: मरने वालों में 4 भारतीय समेत 35 देशों के 157 नागरिक थे सवार

अदीस अबाबा: इथियोपिया एयरलाइंस का एक विमान रविवार को उड़ान भरने के 6 मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 4 भारतीय समेत 157 लोगों की मौत हो गई. इन लोगों में से 149 यात्री थी, जबकि बाकी 8 क्रू मेंबर थे. बता दें कि यह विमान इथियोपिया के अदीस अबाबा से केन्या के नैरोबी जा रहा था. बीशोफ्तू शहर के पास विमान हादसे का शिकार हो गया.

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने जताया दुख

प्लेन क्रैश में 4 भारतीयों की मौत के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा, ‘मुझे इथियोपिया एयरलाइन्स प्लेन ET 302 के क्रैश की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में सुनकर दुख हुआ. इस क्रैश में हमने 4 भारतीय नागरिक गंवा दिए. मैंने उनके परिवारों के सहयोग और सहायता के लिए इथियोपिया में भारतीय उच्चायुक्त से बात की है.’

इथियोपिया एयरलाइन्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तेवोल्डे गेब्रेमारियम ने बताया था कि जो विमान क्रैश हुआ है, उसमें 30 से ज्यादा देशों के यात्री सवार थे. मारे गए लोगों में केन्या के सबसे ज्यादा (32) नागरिक थे. इसके अलावा 18 कनाडा के, 9 इथियोपिया के, 8 इटली के, 8 चीन के, 8 अमेरिका के, 7 ब्रिटेन के, 7 फ्रांस के, 6 मिस्र के, 5 हॉलैंड के और 4-4 भारत और स्लोवाकिया नागरिक इस हादसे में मारे गए.