पांचवें चरण का चुनाव प्रचार थमा, 6 मई को डाले जाएंगे वोट

पांचवें चरण का चुनाव

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का चुनाव प्रचार शनिवार शाम थम गया। अभी चार चरण के चुनाव समाप्त हो चुके हैं और पांचवें चरण के लिए 6 मई को वोट डाले जाएंगे। चुनाव परिणाम आने में अब केवल 19 दिन का वक्त बचा है, जिसमें तीन चरणों के लिए वोटिंग होनी शेष है। पांचवें चरण में 6 मई को 7 राज्यों की 51 सीटों के लिए वोटिंग होगी। इस चरण में यूपी की सबसे ज्यादा-14, बिहार की 5, जम्मू-कश्मीर-2, झारखंड-4, मध्य प्रदेश-7, राजस्थान-12, और पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

पांचवें चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर महामुकाबला देखने को मिलेगा। अमेठी की सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने भाजपा की स्मृति ईरानी होंगी, तो यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी की रायबरेली सीट पर भी इसी चरण में मतदान है। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा के बीच लखनऊ में मुकाबला होगा। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा जैसे दिग्गजों की साख भी दांव पर है।

पांचवें चरण में उत्तरप्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इनमें सीतापुर, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, गोंडा व बलरामपुर सहित मोहनलालगंज लोकसभा सीटें शामिल हैं।

Previous articleदिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने खाया लोकसभा चुनाव 2019 का पहला थप्पड़
Next articleलोकसभा चुनाव: यूपी में अब तक 1,702 मामलों में एफआईआर दर्ज