दिल्ली हादसा: वित्त मंत्रालय के डिप्टी डायरेक्टर नवजोत सिंह की मौत, BMW ने मारी टक्कर

दिल्ली हादसा: वित्त मंत्रालय के डिप्टी डायरेक्टर नवजोत सिंह की मौत, BMW ने मारी टक्कर

भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में कार्यरत डिप्टी डायरेक्टर नवजोत सिंह की एक सड़क हादसे में मौत हो गई. यह दर्दनाक दुर्घटना उस वक्त हुई जब नवजोत सिंह अपनी पत्नी के साथ बंगला साहिब गुरुद्वारा से घर लौट रहे थे. हादसा दिल्ली के धौला कुआं क्षेत्र में पिलर नंबर 57 से राजा गार्डन की ओर जाते समय हुआ. पुलिस ने नवजोत सिंह की शिनाख्त करके उनके परिजनों को तुरंत सूचना दी जिसके बाद मौके पर उनके परिजन पहुंचे हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नवजोत सिंह की कार को तेज रफ्तार BMW ने टक्कर मारी थी. टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में नवजोत सिंह की हालत गंभीर हो गई जिसके बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया. हालांकि हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज किया जा रहा है.

हैरानी की बात यह है कि उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाने की बजाय करीब 17 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर स्थित न्यू लाइफ अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने नवजोत को मृत घोषित कर दिया. हादसे में शामिल BMW कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के वक्त BMW कौन चला रहा था?

पीसीआर को मिली सूचना

पुलिस ने बताया कि पीसीआर को तीन कॉल्स आए थे जिनमें कहा गया था कि धौल कुआं से दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन जाने वाले रास्ते पर भीषण जाम लगा हुआ है. सूचना के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और देखा वहां पर एक बीएमडब्ल्यू कार गिरी हुई थी. वहीं एक मोटरसाइकिल सड़क पर खड़ी थी. यह हादसा मेट्रो के पिलर नंबर 67 के पास हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि एक लेडी कार चला रही थी और उसने ने टक्कर मारी है.

हालांकि हादसे के बाद कार में से लोग निकले और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया है. वहीं हॉस्पिटल से जानकारी मिली है कि घायलों में से एक की मौत हो गई है. पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला और उसके पति को भी हादसे में चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि आरोपी कपल गुरुग्राम का रहने वाला है.

कौन हैं नवजोत सिंह

हादसे में मृतक नवजोत सिंह भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में काम करते थे और हरी नगर के रहने वाले थे. उनकी पत्नी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं और उनका इलाज चल रहा है. पति-पत्नी दोनों मोटरसाइकिल पर जा रहे थे उसी वक्त उन्हें तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी.