टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर कितने जुनूनी और जज्बाती हैं, ये शायद ही किसी से छिपा है. मैदान पर हो या मैदान के बाहर, उनके तेवर ज्यादातर तीखे ही रहते हैं. सिर्फ बातों से ही नहीं, बल्कि अपने काम से भी वो अक्सर देश के लिए या टीम के लिए कुछ भी करने को तैयार नजर आते हैं. मगर क्या वो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में बैटिंग करने उतर सकते हैं? भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का कहना है कि अगर गंभीर का बस चले तो वो इसके लिए भी तैयार हैं.
गंभीर को लेकर क्या बोले सूर्या?
न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 मार्च को होने वाले वर्ल्ड कप फाइनल से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने मजाकिया अंदाज में ये बयान दिया. मैच से एक दिन पहले शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम के अंदाज और तरीके को लेकर सवाल उठा तो सूर्या ने कहा कि कोच गंभीर ने हर खिलाड़ी को पूरी अहमियत दी है और निजी उपलब्धियों को पीछे रख दिया है. यही जिक्र चल रहा था, जब सूर्या ने गंभीर को लेकर ये बयान दिया.
भारतीय कप्तान ने कहा कि अगर कोच गंभीर पर छोड़ दिया जाए तो वो पैड बांधकर खुद खेलने उतर जाएंगे क्योंकि उनका मंत्र यही है कि सबको कुछ न कुछ योगदान देना है. सूर्या ने गंभीर की सोच के बारे में बताते हुए कहा कि तिलक वर्मा के 7 गेंदों पर बनाए 21 रन (सेमीफाइनल) की भी उतनी ही अहमियत है, जितनी किसी शतक की है. भारतीय कप्तान ने कहा कि खुद के बजाए टीम के लिए सोचने का फंडा अपनाते हैं और ऐसा करने पर ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
‘रोहित के कदमों पर चल रहा हूं’
इसके अलावा सूर्या ने पूर्व भारतीय कप्तान और पिछला टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले रोहित शर्मा का भी जिक्र किया. भारतीय कप्तान ने कहा कि वो रोहित के कदमों पर ही आगे चल रहे हैं और उनके साथ खेलकर जो भी उन्हें सीखने को मिला, उसे लागू करते हैं और साथ ही अपने आइडिया भी वो उनके साथ मिलाकर मैदान पर उतारते हैं.
‘गंभीर के पास इतिहास रचने का मौका’
वैसे भी ये फाइनल सिर्फ टीम इंडिया ही नहीं, बल्कि कोच गंभीर के लिए भी बहुत खास होने वाला है. अगर भारतीय टीम ये फाइनल जीत जाती है तो वो लगातार 2 बार और कुल 3 बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली पहली टीम हो जाएगी. वहीं गौतम गंभीर के खाते भी खास उपलब्धि आ जाएगी. वो 2 ICC टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय हेड कोच भी बन जाएंगे. पिछले साल ही गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी. इतना ही नहीं, बतौर खिलाड़ी और कोच 2-2 ICC टूर्नामेंट जीतने वाले भी पहले क्रिकेटर बन जाएंगे.


