गुलाम नबी आजाद ने नई पार्टी का किया गठन, ‘डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी’ रखा नाम

गुलाम नबी आजाद ने नई पार्टी का किया गठन, ‘डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी’ रखा नाम

पूर्व कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने अपनी नई पॉलिटिकल पार्टी की घोषणा कर दी है. उनके दल का नाम ‘डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी’ होगा. इस अवसर पर उन्होंने अपनी नई पार्टी के झंडे का उद्घाटन भी किया किया.  उन्होंने झंडे के तीन रंगों के बारे में बताते हुए कहा, “सरसों का रंग रचनात्मकता और विविधता में एकता को इंगित करता है, सफेद शांति को इंगित करता है और नीला स्वतंत्रता, खुली जगह, कल्पना और समुद्र की गहराई से आकाश की ऊंचाइयों तक की सीमाओं को इंगित करता है.”

दल के नाम को लेकर आजाद ने कहा, ‘मेरी नई पार्टी के लिए लगभग 1,500 नाम हमें उर्दू, संस्कृत में भेजे गए थे। हिन्दी और उर्दू का मिश्रण ‘हिन्दुस्तानी’ है. हम चाहते थे कि नाम लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और स्वतंत्र हो.’

गौरतलब है कि कांग्रेस के सीनियर नेता गुलाम नबी आजाद ने लगभग  50 सालों के बाद 26 अगस्त को पार्टी को छोड़ा और दावा किया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी ‘समग्र रूप से नष्ट हो चुकी है’ और इसका नेतृत्व आंतरिक चुनाव के नाम पर ‘धोखा दे रहा है.’

गुलाम ने दल के नेता राहुल गांधी पर ‘अपरिपक्व और बचकाने व्यवहार’ का भी आरोप लगाया और कहा कि अब सोनिया गांधी नाममात्र की नेता रह गई हैं क्योंकि निर्णय राहुल गांधी के ‘सुरक्षाकर्मी और निजी सहायक’ लेते हैं.