अब मुंबई से गोवा का सफर बेहद आसान, शनिवार को पीएम मोदी वर्चुअली दिखाएंगे हरी झंडी

अब मुंबई से गोवा का सफर बेहद आसान, शनिवार को पीएम मोदी दिखाएंगे वर्चुअली हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (3 जून) को गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात देने जा रहे है। पीएम मोदी कल गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन मडगांव से मुंबई के बीच चलेगी और 586 किलोमीटर की दूरी आठ घंटे में तय करेगी। यह भारत में 19वीं और मुंबई से चलने वाली चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सहित अन्य कई बड़े नेता मडगांव रेलवे स्टेशन पर समारोह के लिए उपस्थित रहेंगे।

गोवा वंदे भारत एक्सप्रेस के लॉन्च से गोवा और मुंबई के बीच कनेक्टिविटी में सुधार करने में मदद मिलेगी और इससे गोवा में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। ट्रेन के स्थानीय और पर्यटकों दोनों के बीच समान रूप से लोकप्रिय होने की उम्मीद है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजे ट्रेन को वीडियो लिंक के जरिए हरी झंडी दिखाएंगे और ट्रेन के शाम करीब 6.30 बजे मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।

मुंबई-गोवा रूट पर वंदे भारत ट्रेन में सामान्य 16 कोचों की बजाय आठ कोच होंगे और यह शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह वाई-फाई, एलईडी स्क्रीन और आरामदायक सीटों सहित आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

इस सेमी हाई-स्पीड ट्रेन से मुंबई और गोवा के बीच ट्रैवल टाइम का कुल 1 घंटा हो जाएगा। फिलहाल इस रुट पर सफर करने में 8 घंटे 50 मिनट का समय लगता है। अब वंदे भारत से ये दूरी 7 घंटे 50 मिनट में तय की जा सकेगी। इस बीच ये ट्रेन 586 किलोमीटर का रास्ता तय करेगी।

मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से चलकर ये ट्रेन दादर, ठाणे, पनवेल, खेड़, रत्नागिरी, कांकावली और थिविम में 7 कमर्शियल स्टेशनों से गुजरती हुई मडगांव तक जाएगी।रेलवे ने जो जानकारी दी है उसके अनुसार वंदे भारत का किराया इसी रूट पर चलने वाली तेजस एक्सप्रेस से अधिक हो सकता है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर मुंबई-गोवा के लिए तेजस में एसी चेयर कार टिकट 1,555 रुपये का है। वहीं, एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए 3,080 रुपये लगते है।