GPSSB Clerk Exam 2023: गुजरात पंचायत क्लर्क एग्जाम का पेपर लीक, रद्द हुई परीक्षा

GPSSB Clerk Exam 2023:  गुजरात पंचायत क्लर्क का पेपर लीक, रद्द हुई परीक्षा

GPSSB Clerk Exam 2023: गुजरात पंचायत क्लर्क भर्ती परीक्षा 2023 को प्रश्न पत्र लीक होने की वजह से स्थगित कर दिया गया  है। गुजरात पंचायत सेवा चयन बोर्ड (GPSSB) ने आज सुबह इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया। एग्जाम रविवार सुबह 11 बजे से कराया जाना था।

ऑफिशियल स्टेटमेंट के मुताबिक, पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध को अरेस्ट किया गया है और आगे की जांच में पुलिस जुटी हुई है।

सचिव ने कहा है, ‘रविवार सुबह पुलिस ने GPSSB को सूचित किया है कि एक जूनियर क्लर्क की लिखित परीक्षा (GPSSB Clerk Exam 2023) का प्रश्न पत्र लीक हो गया है। इस सिलसिले में पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। बोर्ड ने सभी इच्छुक उम्मीदवारों से परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंचने की अपील की है। अगली तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।”

छात्र नेता और अतीत में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक घोटाले का खुलासा करने वाले युवराज सिंह जडेजा ने कहा, “राज्य सरकार ने पिछले अनुभव से कोई सबक नहीं सीखा है, जिसका खामियाजा लाखों बेरोजगार युवाओं को भुगतना पड़ेगा।” जडेजा ने कहा कि 1,150 जूनियर क्लर्क पदों के लिए नौ लाख इच्छुक कैंडिडेट्स ने फॉर्म भरे थे।