ग्रेटर नोएडा में भी इंदौर जैसा मामला सामने आया है. डेल्टा क्षेत्र में प्राधिकरण की लापरवाही से लोगों के घरों में पीने के पानी की सप्लाई में सीवर मिला गंदा पानी आ रहा है. हालात इतने गंभीर हो गए कि दूषित पानी पीने से अब तक 8 लोग बीमार होकर अस्पताल पहुंच गए हैं. आरोप है कि तीन दिन तक लगातार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हुआ.
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले तीन दिनों से नलों से जो पानी आ रहा था. उसमें तेज बदबू थी और उसका रंग भी सामान्य नहीं था. कई घरों में पानी मटमैला और काला नजर आया. शुरुआत में लोगों ने समझा कि शायद लाइन की सफाई का असर होगा लेकिन जब बदबू बढ़ती गई और पानी पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी तब स्थिति की गंभीरता सामने आई.


