सावन माह की शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरियाली तीज मनाई जाती है, जो कि 27 जुलाई को मनाई जा रही है. धार्मिक मान्यता है कि भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए माता पार्वती ने कठोर तपस्या की, जिससे प्रसन्न होकर शंकर जी ने हरियाली तीज पर ही उन्हें अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया था. ऐसे में विवाहित महिलाएं सुखी जीवन और कुंवारी कन्याएं मनचाहा वर पाने के लिए हरियाली तीज का व्रत करती हैं. ज्योतिष शास्त्र में हरियाली तीज पर किए जाने वाले कुछ उपाय बताए गए हैं, जिन्हें अपनाने से आपकी मनोकामना पूरी हो सकती है. आइए जानें कि हरियाली तीज पर क्या उपाय करने चाहिए.
पंचांग के अनुसार, हरियाली तीज पर महालक्ष्मी राजयोग और रवि योग का विशेष संयोग बन रहा है. साथ ही, इस दिन चंद्रमा का सिंह राशि में गोचर भी रहेगा, जहां मंगल पहले से ही मौजूद हैं. ऐसे में चंद्र और मंगल की युति से महालक्ष्मी राजयोग का बन रहा है. अगर आप शुभ राजयोग के दौरान पूजा-पाठ, दान, भजन और कीर्तन आदि करते हैं तो आपको शुभ फलों की प्राप्ति हो सकती है.
जरूर करें सोलह श्रृंगार
हरियाली तीज पर 16 शृंगार करने का विशेष महत्व होता है. इस दिन पर व्रत करने वाली महिलाओं को 16 शृंगार जरूर करना चाहिए. साथ ही, इस दिन माता पार्वती को 16 शृंगार की सामग्री जैसे चूड़ी, बिंदी, सिंदूर आदि अर्पित करनी चाहिए. इससे माता पार्वती प्रसन्न होती हैं और वैवाहिक जीवन में खुशहाली का आशीर्वाद देती हैं.
रिश्तों में बना रहेगा प्रेम
हरियाली तीज पर शाम को किसी मंदिर में और घर के मुख्य द्वार पर घी का दीपक जलाना चाहिए. साथ ही ॐ नमः शिवाय और ॐ पार्वत्यै नमः का जाप करना चाहिए. मान्यता है कि इस उपाय को करने से आपके वैवाहिक जीवन में प्रेम बना रहता है.
शीघ्र विवाह के बनेंगे योग
जिन कन्याओं के विवाह में किसी भी प्रकार की बाधा आ रही है, तो उन्हें तीज का व्रत रखकर माता गौरी की पूजा करनी चाहिए. साथ ही, एक लाल चुनरी लेकर उसमें एक सिक्का, फूल और सुपारी रखकर माता गौरी को चढ़ा दें. कहते हैं कि इस उपाय को करने से विवाह में आने वाली सभी परेशानियां दूर होती हैं.
इन चीजों का करें दान
अगर वैवाहिक जीवन या विवाह में अड़चन आ रही है, तो इसके लिए आपको हरियाली तीज पर विधिपूर्वक भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करें. साथ ही, इस दिन पूजा के बाद सुहागिन महिलाओं को लाल साड़ी और बिछिया का दान करनी चाहिए. इससे जल्द ही विवाह के योग बनने लगते हैं.



