हरियाणा कांग्रेस में बड़ा झटका, Ramkishan Gurjar का इस्तीफा

हरियाणा कांग्रेस में बड़ा झटका, Ramkishan Gurjar का इस्तीफा

हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में हारते-हारते बची कांग्रेस में अब सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी छोड़ दी है। रामकिशन गुर्जर ने अपने पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। रामकिशन गुर्जर नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी के पति हैं, जिनका नाम क्रॉस वोटिंग में आ रहा है। माना जा रहा है कि शैली चौधरी भी इस्तीफा दे सकती हैं।

शैलजा गुट के लिए तगड़ा नुकसान

रामकिशन गुर्जर को हुड्डा खेमे का एक मजबूत स्तंभ माना जाता है। उनके इस्तीफे से संगठन की मजबूती पर सवाल खड़े हुए हैं। आगामी राजनीतिक समीकरणों पर भी इसका गहरा असर पड़ सकता है। गुर्जर परिवार को सांसद कुमारी शैलजा का कट्टर समर्थक माना जाता रहा है, ऐसे में उनका जाना शैलजा गुट के लिए तगड़ा व्यक्तिगत नुकसान है।

1 वोट से राज्यसभा चुनाव जीते कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध

बता दें कि हरियाणा में सोमवार को राज्यसभा की दो सीट पर चुनाव में भाजपा के 1 उम्मीदवार और कांग्रेस के 1 उम्मीदवार को जीत मिली है। राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध और निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल चुनाव लड़ रहे थे जिस कारण ये चुनाव दिलचस्प बन गया था। हालांकि, निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल 1 वोट से चुनाव हार गए और कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध को जीत मिली।

हुट्टा ने कांग्रेस हाईकमान को सौंपे 9 विधायकों के नाम

हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग में भारी ड्रामा देखने को मिला था। कांग्रेस ने अपने विधायकों को हिमाचल प्रदेश शिफ्ट किया था ताकि खरीद-फरोख्त से बचा जा सके। बावजूद इसके, क्रॉस वोटिंग की खबरें उड़ने लगीं। विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा ने पार्टी के उन 9 विधायकों के नाम कांग्रेस हाईकमान को सौंप दिए हैं, जिनके वोट निरस्त और क्रॉस हुए हैं। कांग्रेस हाईकमान अब इन विधायकों से जवाबतलबी करने के बाद पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा सकता है।