हरियाणा चुनावः कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी, जानें क्या-क्या हैं वादे

कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी
कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। जिसे पार्टी के चंडीगढ़ कार्यालय में पेश कर दिया गया है। इस घोषणा पत्र में कांग्रेस ने समाज के हर वर्ग के बारे में सोचा समझा है और उनकी जरूरतों का ख्याल रखा है। सभी वर्गों के बीच भाईचारा कायम करना ही पार्टी की प्राथमिकता है। इसमें किसान, कर्मचारी, मजदूर, दलित, पिछड़ा वर्ग, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों, उद्योगपतियों व आम जनता का विशेष ख्याल रखा गया है। इसमें कांग्रेस ने 24 घंटें में किसानों के कर्ज को माफ करने का ऐलान किया है। इसके अलावा महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये चूल्हा खर्च के तौर पर दिए जाएंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष शैलजा कुमारी ने शुक्रवार को संकल्प पत्र जारी किया। जिसमें कांग्रेस ने सरकार बनने पर 24 घंटे के अंदर ही किसान कर्ज माफी का वादा किया है। भूमिहीन किसान भी कर्जमाफी का लाभ उठा सकेंगे। दो एकड़ तक जमीन रखने वाले किसानों को बिजली मुफ्त और फसल बीमा की एकमुश्त किस्त देने का वादा किया। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर 12 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने का वादा किया है। वहीं नए मोटर वाहन कानून के तहत बढ़ाए गए भारी भरकम जुर्मानों को कानून में संशोधन करके खत्म किया जाएगा।

महिलाओं को सौगात-

कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में महिलाओं को लेकर भी बड़े ऐलान किया है। हरियाणा सरकार की सभी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण का वादा किया गया है। निजी संस्थानों में भी कांग्रेस आरक्षण देगी। पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया गया है। इसके अलावा गरीबी रेखा से नीचे की महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये चूल्हा खर्च के तौर पर दिए जाएंगे। रोडवेज में महिलाओं को मुफ्त यात्रा कराई जाएगी। इसके लिए अलग बसें होंगी, जिनमें महिला चालक और परिचालक होंगी। शहरी निकायों में भी 50 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया गया है। गर्भवती महिलाओं को बच्चे के जन्म तक 3500 रुपये हर माह दिए जाएंगे। उसके बाद पांच साल तक 5 हजार दिए जाएंगे।

छात्रों को भी मिलेगा सहयोग-

इस घोषणा पत्र में मेधावी छात्रों को दसवीं तक 12 हजार सालाना देने के वादा किया वहीं 11-12वीं के मेधावी एससी छात्रों को 15 हजार दिए जाएंगे। क्रीमिलेयर सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख सालाना किया जाएगा। पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने का वादा भी किया है। एससी कमीशन दोबारा बनाया जाएगा। बेरोजगार स्नातक को 7 हजार, एमए पास को 10 हजार भत्ता देंगे। प्रदेश के युवाओं को निजी उद्योगों में 75 प्रतिशत आरक्षण भी मिलने के आसार हैं।

घोषणा पत्र में यह भी वादा किया गया है कि, कांग्रेस की सरकार लोगों को 300 यूनिट तक प्रतिमाह बिजली मुफ्त देगी। 300 यूनिट से अधिक पर रेट आधा होगा। 5100 रुपये वृद्धावस्था पेंशन दिए जाएंगे। नए मोटरवाहन कानून के तहत भारी भरकम जुर्माना वसूली के कानून में संशोधन करके उसे खत्म करेंगे। जूनियर व सीनियर खिलाड़ियों के लिए खास नीति बनाएंगे। रोडवेज किलोमीटर स्कीम खत्म करेंगे और 2000 नई बसें रोडवेज के बेड़े में शामिल करेंगे।

इस दौरान प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव गुलाम नबी आजाद, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा, कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा, सीएलपी नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चुनाव घोषणा पत्र कमेटी की चेयरमैन किरण चौधरी व सह चेयरमैन आफताब अहमद उपस्थित रहे।

Previous articleराफेल पूजा विवाद पर राजनाथ का बयान- बचपन से मानता हूं कोई महाशक्ति है
Next articleइथियोपिया के पीएम अबी अहमद को मिला शांति का नोबेल पुरस्कार