दामाद के लिए दिल्ली दरबार में हुड्डा ने गिरवी रखी हरियाणा की जमीन: अमित शाह

अमित शाह

हिसार: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को घेरा। कहा, हुड्डा जमीन का सबसे बड़ा खिलाड़ी है। उन्होंने हुड्डा के जमीनी नेता होने पर भी तंज कसा। बोले, हुड्डा ने दामाद के लिए दिल्ली दरबार में हरियाणा की जमीन को गिरवी रख दिया था। दामाद को गरीबों और किसानों की जमीन कौड़ियों के भाव बेच दी। उन्होंने यह बात हिसार संसदीय क्षेत्र के बरवाला हलके में आयोजित विजय संकल्प रैली में कही।

उन्होंने जनसमूह से भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह को जिताने की अपील करते हुए कहा, हरियाणा की जनता हुड्डाराज में भ्रष्टाचार और चौटालाराज में गुंडागर्दी से परेशान थी। पहली बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी और जनता को इससे मुक्ति दिलाने का काम किया गया। भाजपा नेता शाह ने कहा, कांग्रेस देशहित में नहीं बल्कि पाकिस्तान के हित में राजनीति कर रही है। कांग्रेस देशविरोधी ताकतों का समर्थन करके टुकड़े-टुकड़े गैंग को मजबूती दे रही है। मगर देश की जनता कांग्रेस के मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देगी।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि यूपीए के शासनकाल में जवानों के साथ बर्बरता होती थी। आंतकी जवानों के सिर तक काटकर ले जाते थे, परंतु मौनी बाबा के मुंह से उफ तक नहीं निकलता था। देश में आतंकवाद बढने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। शाह ने कहा, पुलवामा में आतंकियों ने हमला कर देश का सीना छलनी किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दर्द को समझा और सेना को खुली छूट दी कि जवानों की शहादत का बदला लेना है। शाह ने कहा, पाकिस्तान ने सरहद पर पूरी तैयार कर ली थी, मगर खुली छूट का नतीजा यह निकला कि वीर जवानों ने एयर और सर्जिकल स्ट्राइक करके आतंकियों के छक्के छुड़ा दिए।

भाजपा नेता ने कहा, सर्जिकल स्ट्राइक से पूरा देश खुश हुआ, लेकिन पाकिस्तान एवं राहुल बाबा एंड कंपनी के चेहरे का नूर उड़ गया। राहुल के गुरु सैम पित्रोदा ने तो यहां तक कहा कि बैठकर बातचीत करनी चाहिए। शाह ने जनता से पूछा कि क्या 40 जवानों की शहादत के बाद बातचीत करनी चाहिए थी? जनता ने एक स्वर में कहा-नहीं। शाह ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान से गोली आएगी तो भारत से गोला जाएगा। शाह ने कहा कि हिसार से भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह को विकास के नाम पर नहीं बल्कि देश की सुरक्षा के लिए वोट देना है। प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में देश पूरी तरह सुरक्षित है। देश से आतंकवाद का खात्मा करने और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कमल को वोट देना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आरोप लगाया कि भाजपा कश्मीर से धारा-370 हटाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस कश्मीर पर वोट की राजनीति कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी को चेताया कि यदि कभी भी कश्मीर में दो निशाना और दो प्रधान को स्वीकारा गया तो भाजपा का हर कार्यकर्ता अपनी कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटेगा। कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुला देश में दो प्रधान की बात कर रहे हैं, परंतु राहुल बाबा इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के महायज्ञ में आहुति डालकर मोदी को विजय बनाना है। 12 मई को कमल का एक-एक वोट सीधे मोदी के खाते में जाएगा। केंद्र और प्रदेश में पहली बार भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनी है। देश में मजबूत सरकार बनाने के लिए दोबारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता सौंपनी होगी।

इस मौके पर केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही चला सकते हैं। देश को चलाने के लिए जो क्षमता प्रधानमंत्री मोदी है, वह किसी में नहीं है। इस क्षमता को और अधिक मजबूती देने के लिए हिसार में कमल खिलाना होगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि हरियाणा में पहली बार समान विकास हुआ है। पहले विकास क्षेत्रवाद तक ही सीमित था। आज देश व प्रदेश का हर वर्ग खुश है।

Previous articleभाजपा की नीति और नीयत में खोट, चिंतन कीजिए, असलियत समझ जाएंगे: प्रियंका
Next articleनेपाल में मीडिया पर अंकुश लगाने को लेकर विधेयक पेश