ICC T20I Rankings: राशिद खान बने नंबर 1 गेंदबाज, वरुण चक्रवर्ती को बड़ा झटका

ICC T20I Rankings: राशिद खान बने नंबर 1 गेंदबाज, वरुण चक्रवर्ती को बड़ा झटका

ICC T20I Rankings: टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन करने वाले वरुण चक्रवर्ती को आईसीसी रैंकिंग में बड़ा झटका लगा है. वरुण चक्रवर्ती अब नंबर 1 गेंदबाज नहीं रहे. उनकी जगह अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान अब नंबर 1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं. राशिद खान 753 रेटिंग प्वाइंट के साथ नंबर 1 बन गए हैं. वहीं वरुण चक्रवर्ती अब 740 रेटिंग प्वाइंट के साथ दूसरे स्थान पर हैं. गेंदबाजों की रैकिंग में जसप्रीत बुमराह को बड़ा फायदा हुआ है. ये खिलाड़ी छठे स्थान पर पहुंच गया है. बल्लेबाजों की रैंकिंग की बात करें तो अभिषेक शर्मा अब भी नंबर 1 बल्लेबाज हैं लेकिन इस खिलाड़ी के लिए इशान किशन बड़ा खतरा बन गए हैं.

अभिषेक के लिए खतरा बने ईशान

अभिषेक शर्मा 875 रेटिंग प्वाइंट के साथ पहले स्थान पर हैं. वहीं इशान किशन सिर्फ उनके 4 अंक पीछे हैं. इशान किशन के 871 प्वाइंट हैं और वो दूसरे स्थान पर हैं. इशान ने पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और इंग्लैंड के खिलाड़ी फिल सॉल्ट को पछाड़ा. टॉप 10 में भारत के कुल 4 बल्लेबाज हैं. अभिषेक, इशान के अलावा सूर्यकुमार यादव 9वें और तिलक वर्मा 7वें स्थान पर काबिज हैं.

संजू सैमसन की लंबी छलांग

संजू सैमसन ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है. संजू अपने करियर की बेस्ट टी20 रेटिंग हासिल करने में कामयाब रहे हैं. वो 637 रेटिंग प्वाइंट के साथ 22 वें नंबर पर पहुंच गए हैं. बता दें वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से पहले ये खिलाड़ी 65वें स्थान पर था लेकिन टी20 वर्ल्ड कप फाइनल जिताने के बाद सैमसन अब 43 बल्लेबाजों को पछाड़कर 22वें स्थान पर पहुंचे हैं. संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे. इस खिलाड़ी ने 5 मैचों में 321 रन बनाए. उनका बैटिंग औसत 80.25 का रहा. सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में 24 छक्के और 27 चौके लगाए, उनका स्ट्राइक रेट 200 के करीब रहा.