‘मुझे विलेन की तरह पेश किया जा रहा है’, SP से सीट बंटवारे पर इमरान मसूद का छलका दर्द, बोले- कांग्रेस के लिए जान दे सकता हूं

‘मुझे विलेन की तरह पेश किया जा रहा है’, SP से सीट बंटवारे पर इमरान मसूद का छलका दर्द, बोले- कांग्रेस के लिए जान दे सकता हूं

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान लगातार बढ़ रही है। इस बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें हर तरफ से घेरने की कोशिश हो रही है और सीटों की मांग रखने के कारण विलेन की तरह पेश किया जा रहा है। मसूद ने कांग्रेस के प्रति अपनी वफादारी जताते हुए कहा कि वह पार्टी और उसकी तरक्की के लिए अपनी जान भी दे सकते हैं। उन्होंने सपा से सवाल किया कि अगर कांग्रेस इतनी कमजोर है, तो गठबंधन में उसकी जरूरत ही क्यों है?

‘मैं अपनी पार्टी के लिए मांग रख रहा हूं, इसमें गलत क्या है?’

इमरान मसूद ने कहा कि वह कांग्रेस की मजबूती और उसके राजनीतिक हितों के लिए आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी की ओर से उन्हें चारों तरफ से घेरने और विलेन के तौर पर पेश करने की कोशिश की जा रही है।

मसूद ने सवाल उठाया कि बीजेपी को सत्ता से हटाने की पूरी जिम्मेदारी क्या सिर्फ उनके कंधों पर है? गठबंधन के दूसरे दलों की भी तो जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने सपा के खिलाफ कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की, इसके बावजूद उन पर सीधे हमले किए जा रहे हैं।

कांग्रेस सांसद ने यह भी साफ किया कि मुख्यमंत्री पद को लेकर उनकी कोई मांग या विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा चाहे तो मुख्यमंत्री का पद अपने पास रख सकती है, लेकिन गठबंधन में कांग्रेस को कमजोर दिखाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

2022 के चुनाव का जिक्र कर सपा को घेरा

सीट बंटवारे पर अपनी बात रखते हुए इमरान मसूद ने 2022 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं ने एकतरफा और पूरी ताकत के साथ वोट किया था, इसके बावजूद गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा।

मसूद के मुताबिक, ऐसे में हार की जिम्मेदारी केवल कांग्रेस या उसके नेताओं पर नहीं डाली जा सकती। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों की संख्या के साथ उम्मीदवारों की गुणवत्ता और जीतने की क्षमता भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सीटें दीजिए, पार्टी चुनाव लड़ेगी, लेकिन उसे संख्या और उम्मीदवारों की गुणवत्ता दोनों के लिहाज से उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। मसूद ने सपा से यह भी पूछा कि वह अपने सहयोगी दल को कमजोर दिखाकर आखिर किस तरह का गठबंधन मजबूत करना चाहती है?

‘हम जीरो हैं तो आपको हमारी जरूरत क्यों?’

सहारनपुर सांसद ने समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस की राजनीतिक ताकत को कम आंकने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर सपा कांग्रेस को शून्य मानती है और उसकी कोई राजनीतिक हैसियत नहीं समझती, तो फिर उसे गठबंधन में शामिल करने की जरूरत क्यों है?

मसूद ने दावा किया कि कांग्रेस जहां भी किसी दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ती है, वहां गठबंधन की ताकत कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि भले ही कोई कांग्रेस को कमजोर समझे, लेकिन साथ आने पर उसका असर दस गुना तक बढ़ सकता है।

कांग्रेस को 105 से ज्यादा सीटें चाहिए

जब इमरान मसूद से पूछा गया कि उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस को कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए, तो उन्होंने 105 से ज्यादा सीटों की मांग रखी। उन्होंने कहा कि 105 सीटें तो कांग्रेस ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भी लड़ी थीं, जब पार्टी की स्थिति आज के मुकाबले काफी कमजोर थी।

मसूद का कहना है कि अब कांग्रेस पहले से मजबूत स्थिति में है, इसलिए उसे सम्मानजनक सीटें मिलनी चाहिए। उनके इस बयान से साफ है कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर मतभेद अभी खत्म नहीं हुए हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व इस विवाद को कैसे सुलझाता है और क्या गठबंधन के लिए कोई साझा फॉर्मूला निकल पाता है।