EU (यूरोपीय संघ) और भारत के बीच चल रही मुक्त व्यापार समझौते की बातचीत अब निर्णायक मोड़ पर है. सूत्रों के मुताबिक, भारत ने यूरोपियन यूनियन से इंपोर्ट होने वाली कारों पर टैरिफ को 110 फीसदी से घटाकर 40 फीसदी करने का प्लान बनाया है. इसे अब तक की सबसे बड़ी पहल माना जा रहा है, क्योंकि दोनों पक्ष एक फ्री ट्रेड पैक्ट पर बातचीत पूरी करने वाले हैं, जो मंगलवार को हो सकती है.
दो सूत्रों ने रॉयटर्स से बातचीत के दौरान बताया कि सरकार इस योजना के तहत यूरोपीय संघ के 27 देशों से आने वाली चुनिंदा गाड़ियों पर टैक्स को तुरंत कम करने पर सहमत हो गई है. यहां गौर करने वाली बात यह है कि ये कटौती उन गाड़ियों पर होगी जिकी आयात (इंपोर्ट) कीमत 15000 यूरो (लगभग 16 लाख 26 हजार 420 रुपए) से ज्यादा है. सरकार के इस फैसले से यूरोपीय कार निर्माताओं को भारत में प्रवेश का बेहतर मौका मिलेगा.



