सीजफायर, ट्रम्प का टैरिफ दावा और POK…क्या बोले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता?

सीजफायर, ट्रम्प का टैरिफ दावा और POK…क्या बोले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता?

भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर पर अमेरिका के दावों पर एक बार फिर भारतीय विदेश मंत्रालय ने स्पष्टीकरण दिया। (India Pakistan Ceasefire) भारत पहले भी सीजफायर को लेकर किए गए अमेरिका के दावों को खारिज कर चुका है। अब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बार फिर ट्रम्प प्रशासन के दावों को खारिज किया है।

अमेरिका का दावा फिर खारिज

भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों तक सैन्य संघर्ष के बाद संघर्ष विराम हुआ। इसके बाद से ही अमेरिका भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर को लेकर क्रेडिट लेना चाह रहा है। कई बार अमेरिका से इस तरह के बयान आए। हर बार भारतीय विदेश मंत्रालय ने इन दावों को खारिज किया। अब फिर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिका के दावों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि सीजफायर का फैसला भारत-पाकिस्तान के DGMO ने लिया। सीजफायर के लिए किसी भी चर्चा में व्यापार या टैरिफ का मुद्दा नहीं उठा।

POK पर क्या बोले जायसवाल?

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा पाक अधिकृत कश्मीर POK को लेकर भी बात की। रणधीर जायसवाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पर वार्ता तभी होगी, जब POK खाली हो जाएगा और पाकिस्तान हमें यह क्षेत्र सौंप देगा। उन्होंने कहा कि ​​पाकिस्तान के साथ हमारे संबंधों पर हमारा रुख स्पष्ट है। कोई भी संबंध द्विपक्षीय होना चाहिए। आतंकवाद और वार्ता एक साथ नहीं चल सकते। पाकिस्तान को उन आतंकियों को भारत को सौंपना होगा। जिनकी सूची हमने पाकिस्तान को दी है।

सिंधु जल संधि कब तक स्थगित रहेगी?

पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि स्थगित करने को लेकर भी विदेश मंत्रालय ने बात की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सिंधु जल संधि तब तक स्थगित रहेगी। जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं कर देता। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पीएम मोदी के आतंक और वार्ता एक साथ नहीं चल सकते वाले बयान को कोट करते हुए कहा कि पाकिस्तान से आतंक और व्यापार एक साथ नहीं चल सकते हैं।