अमेरिका के साथ डील को लेकर चल रही अटकलों के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आया है. यह अपडेट एक बार फिर खुद राष्ट्रपति ट्रंप ने दिया है. दावोस में बीते बुधवार उन्होंने भारत के साथ डील को लेकर कई सकारात्मक संकेत दिए. डील पर पूछे गए सवाल के जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह पीएम मोदी का सम्मान करते हैं और वह उनके अच्छे दोस्त भी हैं. ट्रंप ने कहा कि भारत के साथ हम एक अच्छी डील की ओर बढ़ रहे हैं. ट्रंप के इस बयान को कई दिनों से गिरावट झेल रहे भारतीय शेयर बाजार के लिए भी अच्छा संकेत माना जा रहा है.
भारत के साथ व्यापार समझौते की संभावनाओं को लेकर सीधे सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने छोटा लेकिन सकारात्मक जवाब दिया. ट्रंप ने कहा, हमें एक अच्छा समझौता होने की उम्मीद है. भारत और अमेरिका अब तक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते और आपसी टैक्स कम करने को लेकर एक अस्थायी व्यवस्था पर छह दौर की बातचीत कर चुके हैं. दोनों देश लंबे समय से चले आ रहे व्यापार विवाद को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं.



