India beat Zimbabwe: भारत ने सुपर-8 का अपना दूसरा मुकाबला जीत लिया है. चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ उसने 72 रन से बड़ी जीत दर्ज की. हालांकि, उसके बाद भी पॉइंट्स टेबल में उसकी सेहत पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. उसका रन रेट थोड़ा सुधरा जरूर मगर वो माइनस में ही रहा. भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अब सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराना जरूरी है. कोलकाता में खेले जाने वाले उस मुकाबले को जीतने के साथ ही टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. सुपर संडे को होने वाला ये मुकाबला नॉक आउट की तरह होगा.
भारत ने जिम्बाब्वे को बुरी तरह से हराया
भारत ने जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 257 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा था, जिसका पीछा करने में वो बुरी तरह नाकाम रहे. ब्रायन बेनेट को छोड़ जिम्बाब्वे के कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के आगे जम नहीं सका. बेनेट ने 59 गेंदों 6 छक्के की मदद से नाबाद 97 रन बनाए, जो कि T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ किसी बल्लेबाज की खेली दूसरी सबसे बड़ी पारी है.



