राहुल गांधी का नाम या फोटो डालते ही पोस्ट ब्लॉक कर रहा Meta? यूथ कांग्रेस पहुंची दिल्ली हाईकोर्ट, नियमों को दी चुनौती

राहुल गांधी का नाम या फोटो डालते ही पोस्ट ब्लॉक कर रहा Meta? यूथ कांग्रेस पहुंची दिल्ली हाईकोर्ट, नियमों को दी चुनौती

सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का नाम या तस्वीर इस्तेमाल करना क्या किसी पोस्ट को ब्लॉक करने की वजह बन सकता है? इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) ने इसी सवाल को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। संगठन का आरोप है कि Meta का ऑटोमैटिक सिस्टम इंस्टाग्राम और फेसबुक पर राहुल गांधी से जुड़ी पोस्ट को बिना स्पष्ट कारण बताए हटा रहा है। इनमें जन्मदिन की शुभकामनाओं से लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तस्वीरें और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी पोस्ट तक शामिल हैं। यूथ कांग्रेस ने इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के नियम 4(4) की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी है।

राहुल गांधी से जुड़ी पोस्ट पर क्यों उठे सवाल?

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख मनु जैन ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसमें आरोप लगाया गया कि संगठन के सदस्यों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की फेसबुक और इंस्टाग्राम पोस्ट भारत में ऑटोमैटिक सिस्टम के जरिए ब्लॉक कर दी गईं।

याचिका के मुताबिक, 29 सितंबर से 23 नवंबर के बीच राहुल गांधी से जुड़ी कई पोस्ट प्रतिबंधित हुईं। इनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनकी तस्वीरें, शादी का निमंत्रण, जन्मदिन की बधाई, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि और यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में राहुल गांधी के व्याख्यान से जुड़ी पोस्ट शामिल हैं।

19 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में छात्रों और फैकल्टी के साथ राहुल गांधी की बातचीत वाली पोस्ट भी ब्लॉक हुई थी। हालांकि, बाद में उसी दिन इसे बहाल कर दिया गया।

Meta के सिस्टम पर लगाया कीवर्ड ब्लॉकिंग का आरोप

याचिका में आशंका जताई गई है कि Meta के ऑटोमैटिक टूल को इस तरह तैयार किया गया है कि वह राहुल गांधी के नाम और तस्वीर को कीवर्ड मानकर संबंधित पोस्ट को प्रतिबंधित कर देता है। संगठन का कहना है कि इस प्रक्रिया में वैध राजनीतिक और व्यक्तिगत सामग्री भी प्रभावित हो रही है।

IYC के मुताबिक, पोस्ट ब्लॉक होने पर यूजर्स को नोटिस भेजा जाता है। इसमें चेतावनी दी जाती है कि ऐसी सामग्री दोबारा साझा करने पर अकाउंट को भारत में प्रतिबंधित किया जा सकता है। हर ब्लॉक की गई पोस्ट को अकाउंट के खिलाफ उल्लंघन माना जा रहा है। संगठन ने आशंका जताई है कि इससे कई आम यूजर्स के अकाउंट स्थायी रूप से बंद होने का खतरा है।

IT नियम 4(4) की संवैधानिक वैधता को चुनौती

याचिका में फरवरी में संशोधित IT नियमों के नियम 4(4) पर सवाल उठाए गए हैं। यह प्रावधान बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को ऐसे ऑटोमैटिक टूल इस्तेमाल करने के लिए बाध्य करता है, जो पहले हटाई गई या प्रतिबंधित सामग्री से हूबहू मिलती-जुलती पोस्ट की पहचान कर सकें।

IYC का तर्क है कि यह व्यवस्था सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के दायरे से बाहर है। संगठन ने इसे संविधान के अनुच्छेद 14, 19(1)(a), 19(1)(c) और 21 के अधिकारों के खिलाफ बताया है। याचिका में कहा गया कि बिना ब्लॉकिंग आदेश, स्पष्ट कारण और संबंधित व्यक्ति को पक्ष रखने का मौका दिए पोस्ट हटाना उचित नहीं है।

पोस्ट बहाल करने और सरकारी निर्देशों का ब्योरा मांगने की अपील

यूथ कांग्रेस ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की साइबर कानून इकाई की 8 और 10 अक्टूबर की एडवाइजरी को भी चुनौती दी है। संगठन का आरोप है कि इन निर्देशों को ऑटोमैटिक ब्लॉकिंग व्यवस्था के साथ लागू किया गया।

याचिका में सरकार से उन आदेशों और अनुरोधों का खुलासा करने की मांग की गई है, जिनके आधार पर पोस्ट हटाई गईं। साथ ही, ब्लॉकिंग के लिए इस्तेमाल किए गए कीवर्ड और मानदंडों की जानकारी भी मांगी गई है।

IYC ने प्रतिबंधित पोस्ट बहाल करने और Meta को केवल राहुल गांधी का नाम या तस्वीर होने के आधार पर किसी पोस्ट या अकाउंट को ब्लॉक नहीं करने का निर्देश देने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि उसकी चुनौती यौन अपराधों और बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को हटाने वाली तकनीक के खिलाफ नहीं है।