भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान अपने बयां को लेकर हमेशा ही चर्चा में रहते हैं. हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान को लेकर बड़ी बात कही है. उन्होंने एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया कि पाकिस्तान को लगता है कि दुनिया के सभी मुसलमानों की जिम्मेदारी उन्होंने ही उठा रखी है. पूर्व खिलाड़ी ने कहा है कि पाकिस्तान को पहले खुद के मामलों को सुलझाने पर फोकस करना चाहिए. इरफान पठान ने अपनी बात कहते हुए पाकिस्तान को जमकर क्लास लगाई है.
इरफान पठान ने पाकिस्तान को लेकर कही बड़ी बात
द लल्लनटॉप के साथ इंटरव्यू में पाकिस्तान को लेकर इरफान पठान ने कहा, “एक तो पाकिस्तानियों को ये लगता है कि सारे जो मुसलमान हैं दुनिया के उनकी जो जिम्मेदारी है उन्होंने ले रखी है. ये उनकी गलत सोच है. ऐसा मुझे लगता है. मैं उनसे यही कहना चाहूंगा कि थोड़ा रुक जाओ और पहले अपने पर थोड़ा ध्यान दो. उनके खुद के मामले सुलझ नहीं रहे हैं और उन्हें पहले उसे ठीक करना जरूरी है. ये मेरी व्यक्तिगत सोच है.”
उन्होंने इसी इंटरव्यू में और भी कई खुलासे किए. इरफान पठान ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी शाहिद अफरीदी को लेकर भी बड़ी बात बोली. उन्होंने कहा, “जब मैं टीम इंडिया में नया था और काफी युवा था तब हर्षा भोगले के साथ एक इंटरव्यू में आफरीदी ने कहा कि मैं ही असली पठान हूं, वो नकली पठान है. वो बदतमीज आदमी है. मुझे लगा कि आप सिर्फ मेरे बारे में नहीं बोल रहे हो मेरे वालिद के बारे में भी बात कर रहे हैं.”
टी20 वर्ल्ड कप 2007 के फाइनल के मैन ऑफ द मैच के इरफान पठान
ICC टी20 वर्ल्ड कप 2007 का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था. इस फाइनल को भारत ने 5 रन से अपने नाम किया था. फाइनल में इरफान पठान ने घातक गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान के बल्लेबाजी लाइनअप को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया था और मैन ऑफ द मैच अवार्ड अपने नाम किया था. इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट खोकर 157 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान 152 रन पर ढेर हो गया. इरफान पठान ने इस मैच में 4 ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट झटके.



