एक ही दिन में भूकंप के 155 झटकों से कांपा जापान, 13 की मौत

एक ही दिन में भूकंप के 155 झटकों से कांपा जापान, 13 की मौत

जापान में नए साल की शुरुआत भूकंप के साथ हुई और वो भी एक से ज़्यादा। पहला भूकंप 7.6 तीव्रता का रहा। पहले आई रिपोर्ट में इसे 7.4 तीव्रता का बताया गया था और बाद में 7.5 तीव्रता का। बाद में इसके 7.6 तीव्रता के होने की पुष्टि हुई। यह भूकंप जापान में इशिकावा के अनामिज़ु से 42 किलोमीटर नॉर्थईस्ट में आया था और इसकी गहराई 10 किलोमीटर रही। पर जापान में सिर्फ यह एक ही भूकंप नहीं आया। भूकंप के इस तेज़ झटके के बाद भी जापान में कई भूकंप के झटके आए

जापान में सोमवार को पहले भूकंप के आने के बाद लोग संभले भी नहीं थे कि भूकंपों का सिलसिला शुरू हो गया। जापान में एक ही दिन में भूकंप के 155 झटके आए और इशिकावा में अनामिज़ु और आसपास के इलाकों को दहला दिया। इस बात की जानकारी जापान के मौसम विभाग ने दी। एक ही दिन में इतने ज़्यादा भूकंप आने का यह एक रिकॉर्ड है।

जापान में भूकंप प्रभावित क्षेत्र के आसपास के कई इलाकों में सुनामी का खतरा अभी भी बरकरार है। सोमवार से ही लहरों में तेज़ी शुरू हो गई थी और अभी भी सुनामी का खतरा टला नहीं है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक सुनामी आने पर 5 मीटर तक ऊंची लहरें आ सकती हैं। सोमवार को भी कुछ तटों पर तेज़ और शक्तिशाली लहरें देखने को मिली। जापान में भूकंप की वजह से 13 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही कई लोग घायल भी हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुनामी के खतरे के चलते लोगों से तटीय स्थानों को छोड़कर ऊंचाई वाली जगहों और दूसरी सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है। सुनामी का खतरा जहाँ-जहाँ पर है, वहाँ से सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।

Previous articleकौन हैं अयोध्या राम मंदिर के लिए रामलला की मूर्ति बनाने वाले अरुण योगी राज?
Next articleनए हिट एंड रन कानून के विरोध में सड़कों पर उतरे बस-ट्रक ड्राइवर