आर्थिक तंगी से परेशान जेट एयरवेज के कर्मचारी ने की खुदकुशी

jet airways employee

आर्थिक तंगी से गुजर रहे जेट एयरवेज के सीनियर टेक्निशियन ने शनिवार दोपहर को मुंबई में पालघर के नालासोपारा ईस्ट इलाके की चारमंजिला इमारत से कूदकर खुदकुशी कर ली। 45 साल के शैलेश सिंह कैंसर की बीमारी से पीडि़त थे और घर की बिगड़ती स्थिति को न संभान पाने के कारण तनाव में चले गए थे। जानकारी के मुताबिक शैलेश सिंह तीन साल से कैंसर से पीड़ित थे। शुक्रवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी।

पुलिस अफसरों ने जांच में किसी सुसाइड नोट के न मिलने की पुष्टि की है। जेट एयरवेज के सीनियर टेक्निशियन शैलेश सिंह के परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनका एक बेटा जेट एयरवेज के संचालन विभाग में है। लेकिन अस्थाई निलंबन के कारण उसे भी वेतन नहीं मिल रहा था। हालांकि पुलिस जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शैलेश को पेट का कैंसर था। इलाज के बाद भी उन्हें पेट में दर्द से राहत नहीं मिली। दर्द और आर्थिक तंगी के कारण शैलेश तनाव में थे। डॉक्टरों ने उन्हें अधिक कीमोथेरेपी का सुझाव दिया था। लेकिन इसके लिए पैसों की किल्लत उनके सामने मुंह खोले हुए थी। शैलेश के परिवार ने बताया है कि वह बिना वेतन के छुट्टी पर थे। हालांकि, किस वजह से शैलेश ने आत्महत्या की, यह अभी भी जांच का हिस्सा है।

रिपोर्ट में बताया गया कि शैलेश अपने कमरे से निकले और इमारत की छत पर जा बैठे। उन्हें देखने वाले लोगों ने नीचे आने की गुहार लगाई, लेकिन कुछ देर बाद शैलेश सिंह इमारत की छत से कूद गए। उन्हें एलायंस अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Previous articleभाजपा के लिए चुनाव अब शुरू, ये वो सीटें हैं जिन पर 2014 में जमाया था कब्जा
Next articleउत्तराखंड के विश्वविद्यालय एक-एक गांव को लेंगे गोद