सीएम योगी मेरठ में बोले- ‘कांवड़ियों की आस्था पर चोट बर्दाश्त नहीं’, पुष्पवर्षा कर जताया सम्मान

सीएम योगी मेरठ में बोले- ‘कांवड़ियों की आस्था पर चोट बर्दाश्त नहीं’, पुष्पवर्षा कर जताया सम्मान

सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा पूरे शबाब पर है और इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ पहुंचकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की है. इस दौरान उन्होंने शिवभक्तों का अभिनंदन किया और कांवड़ यात्रा के दौरान जगह-जगह हुए उत्पातों को लेकर कई अहम बातें भी कहीं. सीएम योगी ने चेतावनी दी कि कुछ लोग इस पावन कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं और ऐसे तत्वों से सावधान रहने की जरूरत है. उन्होंने इस साजिश को नाकाम करने के लिए अपनी सरकार की रणनीति भी बताई.

सीएम योगी ने किया शिवभक्तों का दिल से स्वागत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन मास के अवसर पर सभी शिवभक्तों का हृदय से अभिनंदन किया. उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में देश के कई राज्यों से शिवभक्त कांवड़ के रूप में गंगाजल लेकर आ रहे हैं और बाबा औघड़नाथ मंदिर, पुराना महादेव मंदिर, दुग्धेश्वर नाथ मंदिर जैसे विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे.

सीएम योगी ने हरिद्वार से पावन गंगाजल लेकर आने वाले सभी शिवभक्तों का दिल से स्वागत किया. उन्होंने कहा कि बड़ी श्रद्धा भाव के साथ कांवड़ लेकर चल रहे युवा, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सामाजिक समरसता का बेहतरीन उदाहरण पेश कर रहे हैं. उनकी इस कठिन साधना और परिश्रम में त्याग व भक्ति का भाव देखने को मिल रहा है, जिसका अभिनंदन और प्रोत्साहन होना चाहिए.

‘कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की हो रही है साजिश’

मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि जहां उत्साह और उमंग है, जहां श्रद्धा और भक्ति है, वहीं कुछ तत्व लगातार इस उत्साह को भंग करने और इस भक्ति व श्रद्धा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं.