भारत की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के शेयरों ने पिछले एक साल में करीब 15% की गिरावट देखी है. इस गिरावट से देश के 22 करोड़ से अधिक सार्वजनिक शेयरधारकों को भारी नुकसान हुआ है. इस बीच, LIC के पोर्टफोलियो में मौजूद 70% से ज्यादा शेयर भी घाटे में हैं, जिनमें से कुछ की कीमत 70% तक गिर चुकी है. यह स्थिति LIC के निवेशकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है.
इंडस्ट्री में कैसा रहा LIC के शेयरों का प्रदर्शन?
LIC के शेयरों का प्रदर्शन न केवल निफ्टी (-0.3%) और सेंसेक्स (-0.5%) से खराब रहा है, बल्कि बीमा क्षेत्र के अन्य शेयरों की तुलना में भी LIC ने कमजोर प्रदर्शन किया है. उदाहरण के लिए इस अवधि में इंडस्ट्री का एवरेज रिटर्न लगभग -7% (नकारात्मक) रहा, जबकि LIC के शेयरों ने 15% से अधिक की गिरावट दर्ज की है.
सितंबर 2024 में LIC का शेयर 1,048.90 रुपये के 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर था, लेकिन तब से यह लगभग 20% नीचे आ चुका है. मार्च 2025 में यह शेयर अपने निचले स्तर 715.30 रुपये पर पहुंच गया था, हालांकि अब थोड़ा सुधार भी देखने को मिला है. वर्तमान में LIC का शेयर 200 दिनों के एवरेज 865 रुपये के ऊपर ट्रेड कर रहा है, जबकि 50 दिनों के एवरेज करीब 904 रुपये है. यानी शेयर में फिलहाल स्थिरता का ट्रेंड बना हुआ है.
LIC के पोर्टफोलियो में भारी नुकसान
ईटीमार्केट्स के आंकड़ों के अनुसार, LIC के पोर्टफोलियो के लगभग 70% शेयरों की कीमत पिछले एक साल में गिरावट में रही है. इनमें से कुछ शेयरों का मूल्य 74% तक गिरा है. LIC के पोर्टफोलियो के लगभग 150 शेयरों ने डबल डिजिट की गिरावट दर्ज की है. उदाहरण के तौर पर, वीएल ई-गवर्नेंस एंड आईटी सॉल्यूशंस, फ्लेक्सिटफ वेंचर्स, जयप्रकाश एसोसिएट्स, सीमेंस और जय कॉर्प जैसे शेयरों की कीमतों में 50% या उससे अधिक की गिरावट आई है.
इसके अलावा, पंजाब एंड सिंध बैंक (PSB), अदानी ग्रीन एनर्जी, इंडसइंड बैंक जैसे बड़े नाम भी भारी नुकसान झेल रहे हैं. टाटा मोटर्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (IREDA) जैसे शेयरों में भी 30-40% की गिरावट देखी गई है.
पोर्टफोलियो के इन शेयरों का प्रदर्शन अच्छा
हालांकि, LIC ने कुछ शेयरों में अच्छा प्रदर्शन भी किया है. टूरिज्म फाइनेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया में 99% तक का रिटर्न मिला है, जो 2025 तक मल्टीबैगर बनने की उम्मीद है. इसके अलावा, रिलायंस पावर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, मारुति सुजुकी, टीवीएस मोटर्स जैसे शेयरों में भी डबल डिजिट में बढ़त हुई है.



