लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन नहीं लड़ेंगी लोकसभा चुनाव

सुमित्रा महाजन

लोकसभा स्पीकर और इंदौर से सांसद सुमित्रा महाजन ने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। इस बारे में उन्होंने भाजपा आलाकमान को पत्र लिखकर सूचित कर दिया है। सुमित्रा ने बताया कि अब चुनाव लड़ने की उनकी कोई इच्छा नहीं रह गई है। उन्होंने पार्टी को इंदौर से नया प्रत्याशी तय करने की अपील की है।

सुमित्रा महाजन का पत्र

पार्टी को लिखे पत्र में सुमित्रा ने लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी ने इंदौर से अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया। यह अनिर्णय की स्थिति क्यों है। संभव है कि पार्टी को निर्णय लेने में संकोच हो रहा है। हालांकि मैंने पार्टी के वरिष्‍ठों से बहुत पहले चर्चा की थी और निर्णय उन पर ही छोड़ा था।’

सुमित्रा महाजन ने लिखाए ‘मैं घोषणा करती हूं कि अब लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ूंगी। इसलिए पार्टी निसंकोच होकर आगे का फैसला करे।’ उन्होंने अपने पत्र में भारतीय जनता पार्टी और कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि अब इंदौर सीट पर किसी तरह के असमंजस की स्थिति नहीं होगी।