लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दुबई से लखनऊ आ रही फ्लाइ दुबई (Flydubai) की फ्लाइट FD-443 लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट (पक्षी टकराने) की घटना का शिकार हो गई। पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट का निर्धारित आगमन समय सुबह 6:35 बजे था। एयरपोर्ट के निकट पहुंचते ही विमान से एक पक्षी टकरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया और अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए सुबह 7:13 बजे विमान को सुरक्षित रनवे पर उतार दिया।
लैंडिंग के बाद विमान को पार्किंग बे में ले जाकर इंजीनियरों की टीम ने तकनीकी जांच शुरू कर दी। इंजन सहित विमान की सभी महत्वपूर्ण प्रणालियों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित नुकसान का आकलन किया जा सके। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस घटना का असर फ्लाइट FD-444 पर भी पड़ा, जिसे सुबह 7:35 बजे लखनऊ से दुबई के लिए रवाना होना था। तकनीकी जांच पूरी होने तक इस उड़ान को रोक दिया गया है। एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।



