दिल्ली के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास DMRC अपार्टमेंट्स की पांचवीं मंजिल पर एक फ्लैट में मंगलवार सुबह आग लग गई. हादसे में DMRC के इंजीनियर अजय विमल (42), उनकी पत्नी नीलम (38) और बेटी जाह्नवी के रूप में हुई. तीनों की मौत के बाद बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी में भारी भीड़ मौजूद रही. DMRC के अधिकारी, कर्मचारी, परिवार के पड़ोसी और रिश्तेदार सभी की आंखें नम थीं. हर किसी की आंखों में बस यही सवाल था कि आखिर इनकी मौत हुई तो हुई कैसे.
पड़ोसियों ने बताया- सोमवार रात को ही परिवार से उनकी बात हुई थी. फिर सुबह ये खबर मिली, जिसे सुनकर भी उन्हें यकीन नहीं हुआ. आस-पास के लोगों में भी एक डर सा बैठ गया. DMRC के अधिकारियों ने बताया- अजय ने साल 2006 में DMRC जॉइन की थी. परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश के उज्जैन का रहने वाला था. अजय के पिता दीनानाथ इंस्पेक्टर पद से रिटायर थे. उनका पिछले साल रक्षाबंधन पर देहांत हो गया था.


