पूर्व दस्यु मलखान सिंह यूपी से लोकसभा के चुनावी समर में उतरे, प्रसपा से लड़ेंगे चुनाव

मलखान सिंह

लखनऊ। चम्बल के बीहड़ों में लम्बा जीवन बिताने वाले पूर्व दस्यु मलखान सिंह अब यूपी से लोकसभा के चुनावी समर में संघर्ष करेंगे। उन्हें प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने लखीमपुर खीरी जिले की धौरहरा सीट से प्रत्याशी बनाया है। मलखान सिंह ने मप्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री अजरुन सिंह की मौजूदगी में बागी जीवन छोड़ आत्मसमपर्ण किया था।

धौरहरा में ही कांग्रेस के पूर्वमंत्री जितिन प्रसाद प्रत्याशी हैं।इनके अलावा प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ डा. रमेश कुमार ठुकराल को प्रत्याशी बनाया है। बांदा सीट से सुनीता देवी, कौशाम्बी (सु) क्षेत्र से राजदेव को उम्मीदवार बनाया है। गोण्डा से कुतुबद्दीन खान उर्फ डायमण्ड, बांसगांव (सु) से सुरेन्द्र प्रसाद भारती को उम्मीदवारी मिली है। जौनपुर से प्रसपा ने अपना प्रत्याशी बदल दिया है।

अब यहां से संगीता यादव चुनाव लड़ेंगी। पहले यहां डा.आरएस यादव को टिकट दिया गया था। शिवपाल ने यूपी के बाहर भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इसी क्रम में उन्होंने महाराष्ट्र प्रदेश की औरंगाबाद सीट से कुंज बिहारी जुगल किशोर अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। मध्य प्रदेश की मुरैना सीट से धारा शर्मा तो कर्नाटक की बेल्लागवी सीट से दयानंद चिक्कामट को टिकट दिया है। इन सभी टिकटों की घोषणा प्रसपा के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने की है।

Previous articleसिद्धू को अपनी ही पार्टी से लग रहे झटके-दर-झटके, जिस ओएसडी को पत्नी के कहने पर हटाया गया, उसे दिया टिकट
Next articleसर्वे में एनडीए को मिली इतनी सीटें, दिल्ली की सभी सीटों पर भाजपा की बल्ले-बल्ले